Vyapam scam: फिर खुलेगी व्यापम की फाइलें, 16 अप्रैल को अगली सुनवाई
मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले की फाइलें एक बार फिर खुल रही हैं और सुप्रीम कोर्ट ने सरकार व सीबीआई से जवाब मांगा है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा की शिकायत पर अब तक की जांच और चार्जशीट का ब्यौरा अदालत में पेश करने का आदेश दिया गया है।
मध्य प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला व्यापम एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल, इस घोटाले की फाइलें एक बार फिर खुलने वाली हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर सरकार और सीबीआई से जवाब मांगा है। व्यापम पर अगली सुनवाई 16 अप्रैल को होनी है।

कोर्ट का कहना है कि पूर्व विधायक पारस सकलेचा द्वारा दी गई 320 पन्नों की शिकायत पर अब तक क्या-क्या कार्रवाई की गई है? यह आदेश जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस एन.वी. अंजारिया की बेंच ने दिया है। कोर्ट का कहना है कि जांच एजेंसी और राज्य शासन अब तक की गई पूरी जांच और दाखिल की गई चार्जशीट का ब्यौरा एफिडेविट के साथ जल्द से जल्द अदालत में पेश करें।

व्यापम घोटाला 2013 में उजागर हुआ था। पूरा मामला पूर्व विधायक पारस सकलेचा की याचिका से जुड़ा है। बता दें कि इंदौर हाईकोर्ट ने अप्रैल 2024 में उनकी याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि वे खुद इस मामले में सीधे तौर पर 'प्रभावित पक्ष' नहीं हैं।

जिसके बाद सकलेचा ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उनके वकील विवेक तन्खा ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने में एक शिकायतकर्ता की अहम भूमिका होती है, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने इस दलील को गंभीरता से लिया।


