अमरपाटन में 30 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, NDPS एक्ट में केस दर्ज
मैहर के अमरपाटन में 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत पुलिस ने महिला तस्कर रोजी खान को 30 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मैहर: जिले में चलाए जा रहे 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के अंतिम दिन अमरपाटन पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने पुरानी बस्ती क्षेत्र में दबिश देकर रोजी खान नामक महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 30 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की गई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला पहले भी नशीली कफ सिरप की तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। इसके बावजूद वह दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय मिली। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत की गई।
अमरपाटन पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने साफ किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Anubhav Dubey 
