मैहर में पानी की टंकी पर चढ़े कांग्रेस नेता, अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन

मैहर में कांग्रेस नेता सौरभ शर्मा (लल्ला) समेत करीब एक दर्जन कार्यकर्ता 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने समझाइश देकर सभी को सुरक्षित नीचे उतारा।

मैहर में पानी की टंकी पर चढ़े कांग्रेस नेता, अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन

मैहर: जिले में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कांग्रेस नेता सौरभ शर्मा (लल्ला) समेत करीब एक दर्जन कार्यकर्ता नगर पालिका की लगभग 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। ऊंचाई पर चढ़कर किए गए इस प्रदर्शन से मौके पर मौजूद लोगों में हादसे की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही मैहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और काफी देर तक समझाइश देने के बाद सभी को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता के चलते किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन जिस तरीके से पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध दर्ज कराया गया, उसे बेहद जोखिम भरा माना जा रहा है। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और स्थिति पर लगातार नजर रखी।