शहडोल में घर में घुसकर हमला, पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
शहडोल के ब्योहारी थाना क्षेत्र में एक परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला करने और महिलाओं-बच्चों से मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने एसपी से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शहडोल: जिले के ब्योहारी थाना क्षेत्र के ग्राम बराछ में एक परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुरानी रंजिश और चोरी के मामले को लेकर आरोपी रात करीब 8 बजे उनके घर पहुंचे, दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और महिलाओं, बच्चों समेत पूरे परिवार के साथ मारपीट की। हमले में कई लोग घायल हुए, जिन्हें पहले ब्योहारी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल शहडोल रेफर किया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और स्थानीय पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का कहना है कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वे लगातार भय के माहौल में रह रहे हैं।
मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक शहडोल को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Anubhav Dubey 
