भोपाल में वकील से मारपीट का मामला: TI समेत 3 पुलिसकर्मियों पर FIR, प्रदर्शन खत्म
भोपाल में अधिवक्ता राकेश रावल से कथित मारपीट के मामले में जहांगीराबाद TI राजन सिंह अहिरवार समेत 3 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म कर दिया गया। वहीं, पुलिसकर्मी हरि ओम वर्मा की शिकायत पर राकेश रावल के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है।
भोपाल। अधिवक्ता राकेश रावल से कथित मारपीट के मामले में प्रदर्शन कर रहे भोपाल के वकीलों की मांग पूरी हो गई। तत्कालीन जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इसके बाद वकीलों ने कोर्ट चौराहे पर चल रहा अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया।
इससे पहले पुलिस विभाग ने थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार और दो अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। हालांकि, वकील सिर्फ निलंबन से संतुष्ट नहीं थे। वे पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग कर रहे थे। वकीलों ने सुबह करीब 11 बजे से देर रात तक कोर्ट चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी। देर रात FIR दर्ज होने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
वकील की शिकायत में क्या आरोप?
अधिवक्ता राकेश रावल ने अपनी शिकायत में बताया कि 22 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे वे जहांगीराबाद क्षेत्र से अपने घर जा रहे थे। ट्रैफिक डायवर्जन के कारण सड़क पर जाम लगा हुआ था। उनका कहना है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को बताया कि वे जाम में फंस गए हैं और उनकी गाड़ी में पेट्रोल भी नहीं है।
शिकायत के मुताबिक, इस दौरान पुलिसकर्मी से उनकी बहस हो गई। राकेश रावल का आरोप है कि जब उन्होंने खुद को वकील बताया तो पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्रता की और उन्हें जबरदस्ती पुलिस वाहन में बैठाकर जहांगीराबाद थाने ले जाया गया।
राकेश ने आरोप लगाया कि थाने के पास एक ग्राउंड में ले जाकर उनके साथ डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। उन्होंने शिकायत में पीठ, दाएं घुटने और बाईं आंख में चोट लगने की बात कही है। राकेश रावल ने शिकायत में मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को सामने आने पर पहचानने की बात कही और कार्रवाई की मांग की।
पुलिसकर्मी की शिकायत में क्या कहा गया?
इस मामले में पुलिसकर्मी हरि ओम वर्मा की शिकायत पर अधिवक्ता राकेश रावल के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। हरि ओम वर्मा के मुताबिक, 22 सितंबर की शाम उनकी ड्यूटी खटलापुरा विसर्जन घाट पर यातायात व्यवस्था के लिए लगी थी। इसी दौरान लाल रंग की कार से एक व्यक्ति खटलापुरा रोड की तरफ जाने लगा।
पुलिसकर्मी का आरोप है कि रास्ता बंद होने के कारण उन्होंने कार चालक को आगे जाने से रोका। इसके बाद कार चालक ने वाहन सड़क के बीच में खड़ा कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित होने लगा।
शिकायत के अनुसार, समझाने पर कार चालक ने पुलिस विभाग के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और खुद को भोपाल कोर्ट का वकील बताते हुए अपना नाम राकेश रावल बताया। पुलिसकर्मी ने आरोप लगाया कि इसके बाद राकेश रावल ने उनके साथ बहस और मारपीट की। साथ ही धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है।
दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के इस विवाद में दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। राकेश रावल की शिकायत पर तत्कालीन थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। वहीं, आरक्षक हरि ओम वर्मा की शिकायत पर राकेश रावल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता और मारपीट से जुड़े आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।
विवाद के बाद डीसीपी जोन-1 ने थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की शिकायत और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

