शहडोल: तेज रफ्तार बस की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

शहडोल के देवलौंद में भीषण सड़क हादसा, बस-बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

शहडोल: तेज रफ्तार बस की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
Shahdol Road Accident

शहडोल। जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मडसा से रीवा की ओर जा रही एक निजी बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों की पहचान राजकिशोर कोल और सुजीत कोल के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक का नाम राम सिंह बताया गया है। राम सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने के कारण रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घटना के बाद बस चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को दी। देवलौंद थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार वाहन और सड़क सुरक्षा के अभाव के कारण हुआ। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जाएं और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण रखा जाए।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि सड़क पर दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है, क्योंकि बस और बाइक दोनों ही सीमित दूरी पर एक-दूसरे के सामने आ गए थे। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा की उपेक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर कड़ी निगरानी न होने के कारण यह दुर्घटना हुई।

शहडोल पुलिस ने बताया कि बस चालक की तलाश जारी है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी संभव सुराग जुटा लिए हैं और मामले की पूरी जांच की जा रही है।

शहडोल से सूरज श्रीवास्तव की रिपोर्ट