मऊगंज में कांग्रेस ने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
गैस,पेट्रोल संकट,बिजली दर वृद्धि और पानी टंकी धराशाई मामले को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर बोला हमला
मऊगंज में कांग्रेस ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गैस, पेट्रोल-डीजल की किल्लत, बढ़ी बिजली दरों और भ्रष्टाचार को लेकर कड़ा हमला बोला है। पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं देने में विफल रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज की एक महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिलाल कोल सहित जिले के वरिष्ठ नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवादल के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व निर्धारित कार्य योजना अनुसार की गई बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने केंद्र औक प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। इसके चलते आम जनता को एक बार फिर लंबी लाइनों में लगने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जानबूझकर ऐसे हालात बना रही है ताकि अन्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा सके।

पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश और देश में भ्रष्टाचार चरम पर है। इसका ताजा उदाहरण जिले के नईगढ़ी जनपद क्षेत्र अंतर्गत आने वाले खटखरी गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनी करोड़ों की पानी टंकी का गिरना है, जो निर्माण कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार को उजागर करता है।
आपदा में अवसर तलाश रही है सरकार - हरिलाल
प्रेस वार्ता के दौरान मऊगंज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिलाल कोल ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि गैस और तेल संकट के बीच सरकार ‘आपदा में अवसर’ तलाश रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को राहत देने के बजाय बिजली दरों में 5 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है, जिससे आम जनता और किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा की यदि गैस-पेट्रोल संकट और बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन करेगी। इस अवसर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पार्षद विश्वनाथ मिश्र मऊगंज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मृत्युंजय चतुर्वेदी शेख मुख्तार सिद्दीकी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
