इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली मर्दाना इलाके में देर रात ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस आरक्षक पर शराब पी रहे कुछ आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने आरक्षक के सिर पर पत्थर मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना ने शहर में कानून व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है।
शराब पी रहे थे आरोपी, वाहन हटाने को लेकर भिड़े
जानकारी के अनुसार यातायात पुलिस आरक्षक अनुराग शर्मा, जो स्कीम नंबर 136 के निवासी हैं, रविवार की देर रात बायपास ब्रिज के पास ड्यूटी निभा रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि सड़क किनारे खड़ी एक आइशर वाहन में कुछ लोग खुलेआम शराब पी रहे थे और यातायात बाधित कर रहे थे। आरक्षक अनुराग ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया और वाहन हटाने के लिए कहा।
आरक्षक के टोके जाने पर वाहन में बैठे दो युवक और वाहन मालिक भड़क गए और आरक्षक से गाली-गलौज तथा धक्का-मुक्की करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर आरक्षक ने वायरलेस और मोबाइल से अपने सहकर्मियों को सूचना देने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और भागते समय पीछे से एक बड़ा पत्थर उठाकर अनुराग के सिर पर फेंक दिया।
आरक्षक गंभीर रूप से घायल, आरोपियों की तलाश जारी
पत्थर लगते ही आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। घायल आरक्षक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर कनाड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।