Shahdol Blackmail Case : इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का वादा फिर ब्लैकमेलिंग, शहडोल में बीजेपी नेता के भाई पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप
Shahdol Blackmail Case : युवती का कहना है कि उसके पास 45 ऑडियो-वीडियो, 139 चैट और 15 रील के सबूत हैं। उसने आरोपी के परिवार पर धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
Shahdol Blackmail Case : मध्य प्रदेश। शहडोल जिले में एक युवती ने युवक पर शादी का वादा करके शारीरिक संबंध बनाने और बाद में ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर बुढ़ार पुलिस ने आरोपी कनिष्क सिंह उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता का दावा है कि उसके पास 45 ऑडियो-वीडियो, 139 चैट और 15 रील से जुड़े डिजिटल सबूत हैं। शिकायत में युवती ने आरोपी के बड़े भाई हर्ष प्रताप सिंह को भाजपा नेता और बुढ़ार जनपद का उपाध्यक्ष बताया है। युवती का आरोप है कि हर्ष प्रताप सिंह ने उसे सामने और मोबाइल पर धमकाया था।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में युवती की पहचान कनिष्क से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। जनवरी 2024 में दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। उसने तीन बार गर्भवती होने और आरोपी द्वारा गर्भपात की गोलियां देने का भी आरोप लगाया है।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
युवती का कहना है कि आरोपी ने उसके निजी वीडियो बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी। उसने फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर अश्लील वीडियो पोस्ट करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से भी संपर्क करता था।
परिवार के लोगों पर धमकी देने का आरोप
युवती ने आरोपी के परिवार के कुछ सदस्यों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पीड़िता का कहना है कि उसके पास धमकियों से जुड़ी रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। युवती का कहना है कि आरोपी के परिवार की तरफ से मिल रही धमकियों के कारण वह परेशान है।
आरोपी के परिवार पर भी आरोप
शिकायत में युवती ने आरोपी के बड़े भाई हर्ष प्रताप सिंह को भाजपा नेता और बुढ़ार जनपद का उपाध्यक्ष बताया है। युवती का आरोप है कि हर्ष प्रताप सिंह ने उसे सामने और मोबाइल पर धमकाया था।उसने आरोपी के बड़े पिता विक्रम सिंह पर भी गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि उसके पास धमकी से जुड़ी रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। उसने पुलिस को इसकी जानकारी देने की बात कही है।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
बुढ़ार थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। एएसपी अभिषेक दीवान ने भी शिकायत में शादी का झांसा देने और गर्भपात कराने के आरोपों की जानकारी दी। युवती ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अन्य आरोपों की अलग से जांच की मांग की है। फिलहाल डिजिटल सबूतों और सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

