जोशीमठ में हेलिकॉप्टर क्रैश : बदरीनाथ से फाटा जा रहा था... बारिश और घने बादलों के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू
Helicopter crash in Joshimath : उत्तराखंड के चमोली जिले में हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना है।
Helicopter Crash in Joshimath : चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में हेलिकॉप्टर हादसे की खबर सामने आई है। बदरीनाथ धाम से फाटा जा रहा एक हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में क्रैश हो गया बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक हेलिकॉप्टर का मलबा नहीं मिला है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
ट्रांस भारत कंपनी का बताया जा रहा हेलिकॉप्टर
जानकारी के मुताबिक, यह हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का था। उड़ान के दौरान अचानक उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई थी। इसके बाद प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू की। खोज अभियान में दो अन्य हेलिकॉप्टर भी लगाए गए हैं। हालांकि, खराब मौसम के कारण अब तक हेलिकॉप्टर की सही लोकेशन का पता नहीं चल पाया है।
पांच यात्री और पायलट थे सवार
पैसेंजर मैनिफेस्ट के अनुसार, हेलिकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे। इनमें पांच यात्री चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व शामिल हैं। इनके अलावा एक पायलट भी हेलिकॉप्टर में मौजूद था। हालांकि, पायलट की पहचान और सभी छह लोगों की मौजूदा स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता हेलिकॉप्टर का पता लगाना और सवार लोगों तक पहुंचना है।

बारिश और घने बादलों से रेस्क्यू में परेशानी
हादसे की सूचना वाले इलाके में लगातार बारिश हो रही है। आसमान में घने बादल छाए हैं और दृश्यता काफी कम है। इस वजह से रेस्क्यू टीमों को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीमें बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही हैं।
अक्टूबर में भी हुई थीं इमरजेंसी लैंडिंग
अक्टूबर महीने में चारधाम यात्रा के दौरान दो हेलिकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। एक घटना रुद्रप्रयाग में खराब मौसम और दूसरी टिहरी में तकनीकी खराबी के कारण हुई थी।

