मंत्री नागर सिंह मामले में महिला का यू-टर्न: नए वीडियो में किया अपने पहले बयान का खंडन, बोली- वह अच्छे नेता हैं
मंत्री नागर चौहान से रिश्ते का दावा करने वाली महिला रश्मि सिंह चौहान अपने बयान से पलटी, 24 घंटे में एक और वीडियो जारी कर दी सफाई, कहा- तनाव में बनाया था वीडियो, पहले लगाए थे प्रताड़ना के आरोप
मध्य प्रदेश की राजनीति में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान और उनकी सांसद पत्नी अनीता चौहान से जुड़ा विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। मंत्री के साथ करीब 20 साल से संबंध होने का दावा करने वाली महिला रश्मि सिंह चौहान ने अपने ही आरोपों से पलटी मार ली है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मंत्री की पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाने वाली महिला ने शुक्रवार को दूसरा वीडियो जारी किया। इसमें उसने अपने पुराने बयान को तनाव और निराशा में उठाया गया कदम बताया। महिला ने मंत्री नागर सिंह चौहान को अच्छा और काबिल नेता बताते हुए कहा कि उनके बीच कुछ भी गलत नहीं है। हालांकि, वायरल वीडियो की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मंत्री नागर सिंह चौहान से जुड़े विवाद में नया मोड़! महिला ने नए वीडियो में अपने पहले बयान का खंडन किया। #Alirajpur #MPNews https://t.co/aTz5rb3oKt
— Public Vani News (@publicvaninews) October 30, 2026
नए वीडियो में महिला ने क्या कहा?
शुक्रवार को जारी किए गए नए वीडियो में रश्मि सिंह चौहान ने कहा कि उसने पिछला वीडियो मानसिक तनाव और निराशा में आकर बनाया था। महिला के मुताबिक, मंत्री नागर सिंह चौहान, उनकी पत्नी अनीता चौहान और उनके परिवार के साथ उसके अच्छे संबंध हैं।
महिला ने अपने पुराने वीडियो को लेकर कहा कि वह उस समय परेशान थी और इसी वजह से उसने मुख्यमंत्री को पत्र लिखने के साथ सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी थी। उसने यह भी कहा कि उसे नहीं पता कि उसका वीडियो किस तरह वायरल हो गया।
अपने बदले हुए बयान में महिला ने मंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि नागर सिंह चौहान बहुत अच्छे और काबिल नेता हैं। क्षेत्र में उनकी छवि साफ-सुथरी है और वे लोगों की मदद करने वाले व्यक्ति हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पुराने वीडियो को मंत्री की छवि खराब करने के उद्देश्य से वायरल किया जा रहा है।
पहले वीडियो में लगाए थे गंभीर आरोप
इस पूरे विवाद की शुरुआत गुरुवार को सोशल मीडिया पर सामने आए महिला के एक वीडियो से हुई थी। इसमें महिला ने दावा किया था कि वह करीब 18 साल की उम्र से नागर सिंह चौहान के संपर्क में है और दोनों के बीच लगभग 20 साल से रिश्ता है।
महिला ने भाजपा सांसद और मंत्री की पत्नी अनीता चौहान पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। उसने दावा किया था कि सांसद की ओर से उसे धमकी भरे मैसेज भेजे गए। महिला ने यह भी कहा था कि अनीता चौहान के व्यवहार के कारण मंत्री नागर सिंह चौहान मानसिक तनाव में रहते हैं।
मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर महिला का दावा- “मैं 20 साल से रिलेशन में हूं।” बयान सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। https://t.co/IfuFT9hAhk
— Public Vani News (@publicvaninews) October 29, 2026
सीएम को लिखे पत्र से भी गरमाया था मामला
महिला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर भी अपनी परेशानी बताई थी। इस पत्र और पहले वीडियो के सामने आने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया था। मंत्री और उनकी सांसद पत्नी से जुड़ा मामला होने के कारण विपक्षी दलों को भी सरकार पर सवाल उठाने का मौका मिल गया था।
हालांकि, दूसरे वीडियो के सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। महज 24 घंटे के भीतर एक ही महिला के दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं, जिनमें उसके बयान एक-दूसरे से बिल्कुल उलट हैं।
Varsha Shrivastava 
