मऊगंज : पति सोता रहा और पत्नी ने लगा ली फांसी, परिजनों ने लगाया ससुराल वालों पर आरोप
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के करही गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय उसका पति उसी कमरे में सो रहा था। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
(राजेंद्र पयासी मऊगंज)
मऊगंज : मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में एक मामला सामने आया है। यहाँ एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस समय महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया, उसका पति उसी कमरे में सो रहा था।
नींद खुली तो फंदे पर झूलती मिली पत्नी..
घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। जानकारी के अनुसार, मानसी केवट (22 वर्ष) ने अज्ञात कारणों के चलते घर के कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। रविवार सुबह जब उसके पति मंगलेश केवट की नींद खुली, तो सामने का मंजर देख उसके होश उड़ गए। पत्नी का शव फंदे से लटकता देख उसकी चीख निकल गई, जिसके बाद शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप..
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी नईगढ़ी पहुंच गए। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि मानसी का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व ही हुआ था। मायके पक्ष का कहना है कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य अनुसार दहेज देकर बेटी की विदा किया था, लेकिन अब उसकी मौत पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई और पीएम रिपोर्ट का इंतजार..
सूचना पर नईगढ़ी थाना प्रभारी उप निरीक्षक ऋषि कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के बाद शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेज दिया है।
थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी का बयान..
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। घटना की गंभीरता से तहकीकात की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। मायके पक्ष के आरोपों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। फिलहाल, गांव में इस घटना को लेकर सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस बात से हैरान है कि आखिर पति की मौजूदगी में पत्नी ने इतना बड़ा कदम कैसे उठा लिया।
डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था विवाह..
बताया गया है कि नवविवाहिता मानसी केवट का मंगलेश केवट के साथ बीते डेढ़ वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। मायके पक्ष से आए परिजनों ने बताया कि विवाह के दौरान यथा संभव जितना हुआ दहेज देकर बेटी का विवाह किया था।मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की हकीकत क्या है यह तो पुलिस द्वारा की जाने वाली जांच उपरांत ही पता चलेगा। लेकिन नवविवाहिता द्वारा इतना बड़ा आत्मघाती कदम क्यों उठाया गया जिसकी हकीकत अभी आना शेष है।

