मऊगंज थाना प्रभारी पर अभद्रता और लापरवाही का आरोप, हटाने की मांग

मऊगंज में भाजपा नेता और वकीलों ने थाना प्रभारी संदीप भारतीय के खिलाफ एसपी को शिकायत दी। वकील संजय तिवारी ने आरोप लगाया कि 16 मार्च को रामलखन शर्मा के घर चोरी की शिकायत पर थानेदार ने उनके साथ अभद्रता की और मामले की अनदेखी की।

मऊगंज थाना प्रभारी पर अभद्रता और लापरवाही का आरोप, हटाने की मांग
google

मऊगंज में भाजपा नेता और वकीलों ने मंगलवार को मऊगंज थाना प्रभारी के खिलाफ एसपी को शिकायती आवेदन सौंपा है। वकील संजय तिवारी ने थाना प्रभारी संदीप भारतीय पर आरोप लगाया है कि उन्होंने न सिर्फ उनके साथ अभद्रता की, बल्कि चोरी की शिकायत पर भी कोई ध्यान नहीं दिया।

घटना 16 मार्च की रात की है, जब वकील संजय तिवारी अपने एक जान-पहचान वाले रामलखन शर्मा के घर हुई चोरी के बारे में पूछने थाने गए थे। वकील तिवारी का कहना है कि जैसे ही उन्होंने केस के बारे में पूछताछ की, थाना प्रभारी संदीप भारतीय उन पर बुरी तरह उखड़ गए। उन्होंने न केवल गाली-गलौज जैसी भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि आवेदन पत्र फेंकते हुए उन्हें वहां से चले जाने को कहा।

संजय तिवारी ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि उस समय थाना प्रभारी नशे में लग रहे थे। जब तिवारी ने पूछा कि 14 तारीख को हुई चोरी पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई, तो थानेदार ने तथाकथित तौर पर कहा कि "मेरे पास सिर्फ यही काम नहीं है," साथ ही पुलिस बुलाकर बाहर हटाने और ट्रांसफर कराने की चुनौती देने जैसी बातें भी कही गई। इधर, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद शुक्ल के नेतृत्व में संघ के लगभग दो दर्जन वकीलों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक ने बैठाई जांच

मऊगंज एसपी दिलीप सोनी ने शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इसकी जांच एडिशनल एसपी विक्रम सिंह को सौंप दी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच की रिपोर्ट आने के बाद जो भी सच सामने आएगा, उसी हिसाब से थानेदार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।