9 फरवरी से लापता दो मुस्लिम बहनों का मिला सुराग, हिंदू युवकों के साथ लौटकर सबको चौंकाया
MP के छतरपुर की दो चचेरी बहनों ने प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागकर धर्म परिवर्तन किया और हिंदू युवकों से शादी रचा ली. सात साल लंबे चले इस प्रेम प्रसंग का अंत आखिरकार थाने में दर्ज बयानों और शादी के कानूनी दस्तावेजों के साथ हुआ.
MP News: छतरपुर के नौगांव में एक चर्चित प्रेम कहानी का खुलासा हुआ है. थाने पहुंची दो मुस्लिम लड़कियों ने बयान दिया. दोनों बहनें अलीना और शलीना ने अपने प्रेमियों के साथ नौगांव थाने पहुंचकर खुद को बालिग बताते हुए शादी करने की पुष्टि की है. 9 फरवरी को दोनों घर से लापता हुईं थीं.
युवतियों के साथ आए प्रशांत जोशी और हेमंत जोशी ने बताया कि उनका पिछले सात सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. 9 फरवरी को घर से निकलने के बाद उन्होंने 20 फरवरी को आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली. शादी के बाद शलीना ने अपना नाम बदलकर सानवी आर्या रख लिया है, वहीं अलीना ने भी हिंदू धर्म अपनाकर हेमंत से विवाह किया. मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक थाना प्रभारी (TI) वाल्मीकि चौबे ने बताया कि युवतियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी, जिसके आधार पर आज उन्हें पकड़ा गया है. पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचना दी थी.
थाने में परिजनों और युवतियों के बीच बातचीत हुई, लेकिन दोनों बहनों ने साफ कर दिया कि वे बालिग हैं, और अपनी मर्जी से अपने पतियों के साथ रहना चाहती हैं. उन्होंने माता-पिता के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया.
TI वाल्मीकि चौबे के अनुसार, युवतियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जो कानूनन बेहद अहम हैं. उनके शैक्षणिक दस्तावेज (मार्कशीट) और आधार कार्ड का वेरिफिकेशन किया जा रहा है ताकि उनकी उम्र की पुष्टि हो सके. चूंकि दोनों युवतियां बालिग हैं, इसलिए उनके बयानों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.फिलहाल, पुलिस दस्तावेजों की जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मामले की गंभीरता से निगरानी कर रही है.
shivendra 
