विंध्य की रेल कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार, रीवा को मिली 15वीं ट्रेन की सौगात, रीवा से पुणे के लिए सुपरफास्ट ट्रेन को हरी झंडी

रीवा से पुणे के लिए बहुप्रतीक्षित साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन का शुभारंभ रविवार को भव्य समारोह के साथ हुआ। यह ट्रेन हर बुधवार को रीवा से चलकर गुरुवार को पुणे पहुंचेगी और शुक्रवार को पुणे से रवाना होकर शनिवार को रीवा आएगी। इस ट्रेन सेवा से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच संपर्क मजबूत होगा और व्यापार, शिक्षा, रोजगार को गति मिलेगी।

विंध्य की रेल कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार, रीवा को मिली 15वीं ट्रेन की सौगात,  रीवा से पुणे के लिए सुपरफास्ट ट्रेन को हरी झंडी

रीवा। विंध्य क्षेत्र के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। रीवा को महाराष्ट्र की औद्योगिक और शैक्षणिक नगरी पुणे से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित सुपरफास्ट ट्रेन की शुरुआत हो गई। रीवा रेलवे स्टेशन से इस साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह ट्रेन हर बुधवार को रीवा से रवाना होगी और गुरुवार को पुणे पहुंचेगी। वापसी में यह शुक्रवार को पुणे से चलकर शनिवार को रीवा पहुंचेगी।

ट्रेन का शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया, जबकि रीवा स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सांसद जनार्दन मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पांडेय, पूर्व महापौर राजेन्द्र ताम्रकार और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा, रीवा को मिली यह 15वीं ट्रेन साबित कर सकता है कि विंध्य अब प्रगति की पटरी पर तेजी से दौड़ रहा है। रीवा-पुणे ट्रेन से न केवल मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा, बल्कि यह व्यापार, शिक्षा और रोजगार के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के जरिए क्षेत्र के व्यापारी, नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी और आम यात्री सीधे पुणे तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इसके साथ ही उन्होंने रीवा से राजकोट के लिए चल रही ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन करने की आवश्यकता भी बताई।

विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा रीवा रेलवे स्टेशन

शुक्ला ने कहा कि रीवा रेलवे स्टेशन का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन निर्माणाधीन है, जो आगामी वर्षों में एक मॉडल रेलवे स्टेशन के रूप में सामने आएगा। उन्होंने स्टेशन को यह सौगात देने के लिए सांसद जनार्दन मिश्रा का आभार जताया।

मुख्यमंत्री और रेल मंत्री ने किया वर्चुअल संबोधन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो संदेश के माध्यम से रीवा के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में रीवा को और अधिक रेलवे सुविधाएं और कनेक्टिविटी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई ट्रेन की सौगात मिलने से पर्यटन और व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा। रेलवे का 170 साल पुराना इतिहास रहा है लेकिन उसमें पिछले 11 वर्षों का इतिहास भारी पड़ रहा है। वंदे भारत, मेट्रो, नए रेलवे स्टेशनों की सौगात जनता को मिली है।

यह 56 इंथ का सीना रखने वाले प्रधानमंत्री ही कर सकते हैं। रीवा से पुणे की सौगात निश्चित रूप से विकास के नए द्वार खोलेगी।

ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन बनेगी गेम चेंजर :सांसद  

कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों से विंध्य को निरंतर रेलवे विकास की सौगातें मिल रही हैं,ललितपुर-सिंगरौली रेलमार्ग का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।

इसके पूर्ण होते ही रीवा सीधे देश के मुख्य रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा और यह क्षेत्र औद्योगिक एवं सामाजिक दृष्टि से तीव्र गति से विकसित होगा।  उन्होंने रेलवे अधिकारियों से रीवा स्टेशन पर निर्माणाधीन कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने की अपेक्षा भी जताई।

हर दिन 16 हजार से ज्यादा यात्री करते हैं यात्रा

रीवा स्टेशन के वरिष्ठ रेलवे अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि वर्तमान में स्टेशन से प्रतिदिन 16 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्म विस्तार, वेटिंग हॉल, शौचालय, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसे आधुनिक संसाधनों को विकसित किया जा रहा है।

पहले दिन रीवा से 70 यात्रियों ने की सवारी

रीवा से रविवार को रवाना हुई  ट्रेन में 70 यात्री सवार दिखाई दिए,बता दे ट्रेन में पहले से 320 यात्रियों ने आरक्षित सीटों के लिए टिकट बुक करवा रखा था।

इसके अलावा बड़ी संख्या में यात्रियों ने जनरल टिकट लेकर यात्रा की, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कुल मिलाकर करीब 600 से 700 यात्री इस ट्रेन में सफर कर रहे थे।

सप्ताह में एक दिन चलेगी रीवा-पुणे एक्सप्रेस

रीवा-पुणे एक्सप्रेस सप्ताह में एक बार चलेगी, ट्रेन प्रत्येक बुधवार सुबह 6:45 बजे रीवा से रवाना होकर सतना, कटनी, जबलपुर, नागपुर, भुसावल और अहमदनगर होते हुए गुरुवार सुबह 9:45 बजे पुणे पहुंचेगी,वापसी में यह ट्रेन गुरुवार शाम 5:30 बजे पुणे से रवाना होकर शुक्रवार को रीवा पहुंचेगी.

कुल 1490 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 27 घंटे का समय लगेगा,यह नई ट्रेन सेवा रीवा को पुणे से न केवल आपस मे जोड़ेगी बल्कि इससे व्यापार, शिक्षा, और रोजगार के नए अवसरों का द्वार भी खुलेगा। 

रीवा से अब 15 ट्रेनों का होगा संचालन

रीवा स्टेशन से अब रीवा-पुणे एक्सप्रेस मिलाकर 15 ट्रेनों का संचालन होगा जिसमें रीवा-रानी कमलापति वंदे भारत, रीवा-जबलपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट, रीवा-जबलपुर एक्सप्रेस, मुंबई के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल स्पेशल, रीवा-आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट, रीवा-इतवारी एक्सप्रेस, रीवा-चिरमिरी एक्सप्रेस, रीवा-रानी कमलापति रेवांचल सुपरफास्ट, रीवा-राजकोट सुपरफास्ट, रीवा-एकता नगर महामना एक्सप्रेस, रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस, रीवा-भोपाल एक्सप्रेस, रीवा-डॉ. अम्बेडकर नगर एक्सप्रेस और अब रीवा-पुणे एक्सप्रेस की शुरुआत हो गई है।