नलजल योजनाओं से जुड़े निर्माण कार्य जनवरी तक पूरे करें - कलेक्टर

10 अक्टूबर 2025 को रीवा कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में नलजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर ने एकल और समूह नलजल योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

नलजल योजनाओं से जुड़े निर्माण कार्य जनवरी तक पूरे करें - कलेक्टर

रीवा 10 अक्टूबर 2025. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने नलजल योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी एकल नलजल योजनाओं का निर्माण कार्य एक माह में पूरा करके पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करें।

जिन स्थानों में टंकियों का निर्माण शेष है वहाँ स्पॉट सोर्स से पानी की आपूर्ति कराएं। नलजल योजनाओं की निर्माणाधीन 52 टंकियों का निर्माण समय पर पूरा कराएं। सहायक यंत्री तथा उपयंत्री लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर नलजल योजनाओं को चालू रखना सुनिश्चित करें।

नलजल योजनाओं के निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की बाधा आने पर तत्काल अवगत कराएं। कलेक्टर ने कहा कि नलजल योजनाओं के लिए क्षतिग्रस्त सड़कों में सुधार का कार्य तत्परता से कराएं।

जनवरी तक काम पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि समूह नलजल योजनाओं के कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। निर्माण कार्यों में तेजी लाकर जनवरी माह तक सभी निर्माण कार्य पूरे करें। अगले वर्ष मार्च माह से समूह नलजल योजनाओं से पानी की आपूर्ति कराएं।

इसके लिए गांव में पाइपलाइन बिछाने तथा घरों में कनेक्शन का कार्य तेजी से कराएं। कंदैला समूह नलजल योजना का शेष कार्य एक माह में अनिवार्य रूप से पूरा कराएं।

नलजल योजनाओं के संबंध में मिल रही शिकायतों का तत्परता से निराकरण करें। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार हर घर में नल कनेक्शन दें। पूर्ण नलजल योजनाओं को जनपद पंचायत से सत्यापित कराकर ग्राम पंचायतों को समारोह पूर्वक हैण्डओवर कराएं।

अब तक की प्रगति का विवरण

बैठक में कार्यपालन यंत्री पीएचई संजय पाण्डेय ने बताया कि जिले में स्वीकृत 509 एकल नलजल योजनाओं में से 225 ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर कर दी गई हैं। अभी 187 नलजल योजनाओं का कार्य प्रगति पर है।

इन्हें दिसम्बर माह तक ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर कर दिया जाएगा। निर्माणाधीन 132 टंकियों में से 80 का कार्य पूरा कर लिया गया है। जिले की पुनरीक्षित 284 नलजल योजनाओं में से 150 के टेण्डर जारी कर दिए गए हैं।

जल निगम के जिला प्रबंधक चित्रांशु ने बताया कि रीवा बाणसागर समूह नलजल योजना तथा सतना बाणसागर समूह नलजल योजना में इंटेक वेल और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य दिसम्बर माह तक पूरा हो जाएगा।

सभी समूह नलजल योजनाओं से आगामी मार्च माह से पानी प्रदाय करने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में जल निगम तथा पीएचई के सहायक यंत्री, उपयंत्री और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।