सतना में लापता युवक की बोरी में मिली लाश, शव मिलने के बाद भड़के ग्रामीण, पुलिस पर पथराव

सतना के जसो थाना क्षेत्र के अमकुई गांव में तीन दिन से लापता युवक का शव बोरी में मिला. घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए.

सतना में लापता युवक की बोरी में मिली लाश, शव मिलने के बाद भड़के ग्रामीण, पुलिस पर पथराव

सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के अमकुई गांव में तीन दिन से लापता 20 वर्षीय अतुल कुशवाहा का शव मंगलवार सुबह स्कूल के पीछे झाड़ियों में बोरी में लिपटा मिला. शव सड़ी-गली हालत में था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. परिजनों का कहना है कि अतुल 1 अगस्त की रात घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. उनका आरोप है कि गुमशुदगी दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने समय पर रिपोर्ट नहीं लिखी.

प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है. पुलिस ने एक संदेही युवक को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि वही युवक 1 अगस्त की रात अतुल को घर से बुलाकर ले गया था. उससे पूछताछ की जा रही है. घटना की जानकारी मिलने पर नागौद एसडीओपी रघु केसरी सहित कई थानों का पुलिस बल और वज्र वाहन मौके पर पहुंचा. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

शव मिलने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने डायल-112 वाहन का घेराव किया और पुलिस पर पथराव किया. इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के सिर में पत्थर लगने की भी सूचना है. कुछ पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई. अतिरिक्त पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. वहीं, परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय पर कार्रवाई की जाती तो शायद युवक की जान बच सकती थी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.