मैहर में भीषण आग: विकास स्टेशनरी की दो मंजिला दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक
मैहर में स्टेट बैंक के सामने स्थित विकास स्टेशनरी की दो मंजिला दुकान में भीषण आग लग गई. दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया.
मैहर शहर में मंगलवार को स्टेट बैंक के सामने स्थित विकास स्टेशनरी की दो मंजिला दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पहले पहली मंजिल पर लगी आग पर काबू पाया, जिसके बाद दूसरी मंजिल में लगी आग बुझाने का अभियान चलाया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में स्टेशनरी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. घटना के समय दुकान में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.
Anubhav Dubey 
