सतना में प्रशासन का छापा: 4 क्विंटल संदिग्ध मिठाई जब्त; मिल्क पाउडर और पामोलिन से बनाने की आशंका
Satna News: सतना के पंजाबी मोहल्ला में प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापा मारकर करीब 4 क्विंटल संदिग्ध मिठाई जब्त की। मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
Satna News: त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सतना के पंजाबी मोहल्ला में छापेमार कार्रवाई की। टीम ने अमृत लाल नागदेव के मकान से करीब 4 क्विंटल संदिग्ध मिठाई जब्त की है। प्रारंभिक जांच में शुद्ध कलाकंद और मिल्क केक के नाम पर स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलिन तेल का इस्तेमाल कर मिठाई तैयार किए जाने की आशंका जताई गई है।
पैकेट पर नहीं मिली जरूरी जानकारी
कार्रवाई के दौरान टीम को मकान से मिल्क केक, कलाकंद और बर्फी के पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और मिठाई में इस्तेमाल की गई सामग्री का विवरण दर्ज नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जरूरी लेबल संबंधी जानकारियां भी पैकेटों पर नहीं थीं।
इससे मिठाइयों की गुणवत्ता और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल की गई सामग्री को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के लिए भेजे मिठाइयों के सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग-अलग प्रकार की मिठाइयों के नमूने एकत्रित किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

