सतना में छात्राओं पर दिनदहाड़े हमला, छेड़छाड़ का विरोध करने पर ब्लेड से किया वार
सतना में स्कूल जा रही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर बाइक सवार युवकों ने ब्लेड से हमला कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर में शुक्रवार को स्कूल जा रही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने पहले छात्राओं का पीछा किया, फिर उनमें से एक का हाथ पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने ब्लेड से हमला कर दो छात्राओं को घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र की चार छात्राएं पैदल अपने स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर की बुलेट और एक अन्य बाइक पर सवार चार युवक उनके पीछे लग गए। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने छात्राओं से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
आरोप है कि एक युवक ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया। जब छात्राओं ने विरोध किया, तो एक आरोपी ने ब्लेड निकालकर दो छात्राओं पर हमला कर दिया। शोर मचते ही सभी आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद छात्राएं घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर सिटी कोतवाली पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
Anubhav Dubey 
