Satna: कुएं में जहरीली गैस से युवक की मौत, बचाने उतरा ग्रामीण भी हुआ बेहोश

सतना के उचेहरा थाना क्षेत्र में कुएं में गिरी टीन निकालने उतरे युवक की जहरीली गैस से मौत हो गई। बचाने उतरा एक ग्रामीण भी बेहोश हो गया। एसडीईआरएफ ने तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद शव बाहर निकाला।

Satna: कुएं में जहरीली गैस से युवक की मौत, बचाने उतरा ग्रामीण भी हुआ बेहोश

सतना। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के उरदना गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं में गिरी टीन निकालने के लिए नीचे उतरे 39 वर्षीय युवक की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। उसे बचाने के लिए कुएं में उतरा एक अन्य ग्रामीण भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा ने बताया कि उरदना निवासी नीरेन्द्र सिंह उर्फ नीरू (39) कुएं में गिरी टीन निकालने के लिए नीचे उतरे थे। कुएं में पानी कम था, लेकिन अंदर जहरीली गैस होने के कारण उनका दम घुट गया और वे बेहोश होकर गिर पड़े।

नीरू को बचाने के लिए राजा कोल रस्सी के सहारे कुएं में उतरे, लेकिन गहराई में पहुंचते ही वे भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। बाहर मौजूद ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें तुरंत बाहर निकाला और इलाज के लिए उचेहरा अस्पताल भेजा।

तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सोमेश द्विवेदी, थाना प्रभारी सतीश मिश्रा और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव को निकालने के लिए जिला मुख्यालय से एसडीईआरएफ की टीम बुलाई गई। जीवन रक्षक उपकरणों के साथ टीम कुएं में उतरी और करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया।

कुएं के चारों ओर लगाया गया बैरीकेट

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के लिहाज से कुएं के चारों ओर बैरीकेट लगाया गया है। पर्यावरण विभाग और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए सूचना दी गई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कुएं के भीतर मीथेन गैस जमा होने और ऑक्सीजन की कमी के कारण यह हादसा हुआ। जिले में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।