पीएम मोदी बोले- भारत में ड्रग्स सप्लाई दुश्मन देशों की साजिश, युवाओं को नशे से बचाना देश की जिम्मेदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' लॉन्च करते हुए कहा कि भारत में ड्रग्स की सप्लाई दुश्मन देशों की साजिश है। अभियान अगले 100 सप्ताह तक चलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में ड्रग्स की सप्लाई केवल अपराध नहीं, बल्कि दुश्मन देशों की एक बड़ी साजिश का हिस्सा है. उनका उद्देश्य भारतीय युवाओं को नशे के जाल में फंसाकर देश की ताकत को कमजोर करना है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होने के साथ-साथ नशे से भी पूरी तरह दूर रहेगा. उन्होंने युवाओं से इस अभियान का नेतृत्व करने और नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
100 सप्ताह तक हर रविवार चलेगा अभियान
प्रधानमंत्री ने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक चलेगा. हर रविवार देशभर में कला, संस्कृति, खेल, जागरूकता रैली और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया जाएगा. इसका उद्देश्य नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करना है।
प्रधानमंत्री @narendramodi ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया ।
— आकाशवाणी समाचार, पटना (@airnews_patna) August 2, 2026
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने युवाओं से संवाद किया । नशे के खिलाफ मिलकर लड़ने की अपील की ।
श्री मोदी ने कहा यह मुहिम ड्र्ग्स के कारोबारियों के लिए खौफ… pic.twitter.com/OkhEDN5Fti
प्रधानमंत्री के संबोधन की बड़ी बातें
1. नशा सपनों के साथ पूरे परिवार को तोड़ देता है
पीएम मोदी ने कहा कि नशा युवाओं का फोकस भटका देता है और उन्हें उनके सपनों से दूर ले जाता है। उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्पेस और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं। लेकिन अगर कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ जाता है, तो केवल उसका भविष्य ही नहीं, पूरे परिवार की उम्मीदें भी टूट जाती हैं।
2. दुश्मन देश युवाओं को बना रहे निशाना
प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रग्स का कारोबार केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह देश की सुरक्षा से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि दुश्मन देश भारतीय युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की साजिश रच रहे हैं, इसलिए इस खतरे से मिलकर लड़ना होगा।
3. कुछ पल का नशा, जिंदगीभर का नुकसान
पीएम मोदी ने कहा कि ड्रग्स कुछ समय के लिए झूठा आनंद देता है, लेकिन इसके परिणाम पूरी जिंदगी तक व्यक्ति और उसके परिवार को भुगतने पड़ते हैं। उन्होंने संतों और गुरुओं की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा इंसान का विवेक छीन लेता है और उसे पतन की ओर ले जाता है।
4. नशे से बाहर निकले युवाओं को मिले दूसरा मौका
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो युवा नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौटते हैं, वे किसी योद्धा से कम नहीं हैं। समाज को उन्हें अपनाना चाहिए और आगे बढ़ने का दूसरा अवसर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का अतीत नहीं, बल्कि उसका संघर्ष और बदलाव उसकी पहचान बनता है।
5. ड्रग्स माफिया पर सख्त कार्रवाई जारी
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार नशे के कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त की जा रही है और पहले की तुलना में कार्रवाई कई गुना बढ़ी है। उन्होंने इसे सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण बताया।
28 हजार स्थानों पर हुआ आयोजन
'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का आयोजन देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर एक साथ किया गया। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले युवाओं ने सामूहिक रूप से 'नशा मुक्त भारत' की शपथ ली। इस अभियान में 1 करोड़ से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अम्मा, श्री श्री रविशंकर, दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी सहित कई आध्यात्मिक गुरु वर्चुअली जुड़े। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, शिक्षा संस्थान, सामाजिक संगठन और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी अभियान का हिस्सा बने।
नशे के खिलाफ जन आंदोलन बनाने पर जोर
यह अभियान 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और उद्योग संगठनों के सहयोग से चलाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य इसे एक व्यापक जन आंदोलन का रूप देना है, ताकि देश का युवा नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके।

