इंदौर में दूषित पेयजल से हाहाकार, 150 से अधिक बीमार, 4 की मौत; अस्पताल पहुंचे जीतू पटवारी

इंदौर में दूषित पेयजल से हाहाकार, 150 से अधिक बीमार, 4 की मौत; अस्पताल पहुंचे जीतू पटवारी

इंदौर में दूषित पेयजल के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। अब तक 150 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं, जबकि चार लोगों की दुखद मृत्यु की पुष्टि हुई है। इस घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित परिवारों से आज इंदौर के वर्मा अस्पताल में मुलाकात की गई, जहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के चेहरों पर डर, दर्द और असहाय पीड़ा साफ नजर आई। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में दूषित पानी की शिकायत की जा रही थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

बताया जा रहा है कि बीते दो महीनों से इंदौर के कई इलाकों में लोग लगातार यह शिकायत कर रहे थे कि पीने का पानी दूषित है। इसके बावजूद न तो जल आपूर्ति की समुचित जांच कराई गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई। इसी लापरवाही का परिणाम है कि आज चार परिवार अपने प्रियजनों को खो चुके हैं और सैकड़ों लोग अस्पतालों में इलाज के लिए मजबूर हैं।

इस घटना ने राज्य सरकार की कार्यशैली, संवेदनशीलता और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं जैसे शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन बार-बार ऐसी घटनाओं का सामने आना व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।

घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं, पीड़ितों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की जा रही है और दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की जा रही है।

प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति पर नजर रखने और जल आपूर्ति की जांच के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन जनता ठोस कार्रवाई और जवाबदेही की मांग कर रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- इंदौर के सैकड़ों परिजन आज दूषित पानी पीने के कारण अस्पतालों में भर्ती हैं। इस अवस्था में लोगों को देखना और उनकी पीड़ा महसूस करना अत्यंत दुखद है। मोहन यादव जी, आज आप और आपकी सरकार पूर्ण रूप से विफल हो चुके हैं। आपकी सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार हमारे इंदौर के निर्दोष लोगों की जान ले रहे हैं।