पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन, पुणे में ली अंतिम सांस
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का मंगलवार को 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पुणे में उन्होंने अंतिम सांस ली।
पुणे: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का मंगलवार को 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पुणे में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति और खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, सुरेश कलमाड़ी का पार्थिव शरीर आज दोपहर 2 बजे तक पुणे के एरंडवाने स्थित उनके निवास ‘कलमाड़ी हाउस’ में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद शाम 3:30 बजे नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सुरेश कलमाड़ी पुणे की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। उन्होंने कई बार लोकसभा में पुणे का प्रतिनिधित्व किया और केंद्र सरकार में रेल राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। उनके राजनीतिक करियर के साथ-साथ खेल प्रशासन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।
कलमाड़ी वर्ष 1996 से 2011 तक भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष रहे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल संगठनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, वर्ष 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन से जुड़े कथित घोटाले के कारण उन्हें विवादों का सामना करना पड़ा था और इस मामले में उन्हें करीब दस महीने जेल में रहना पड़ा था। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा किया गया।
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और खेल जगत से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, प्रशासनिक अनुभव और पुणे के विकास में उनके योगदान को याद किया।
pushpendra 
