MP किसान आंदोलन: भोपाल की ओर बढ़े हजारों किसान, बॉर्डर पर पुलिस तैनात, 100% मूंग खरीदी की मांग पर अड़े

MP के किसानों का आंदोलन अब उग्र हो गया है। किसान अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल की ओर कूच कर रहे हैं। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ा दी है, लेकिन किसान बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ रहे हैं। वहीं, भोपाल और रायसेन जिले के बॉर्डर मिसरोद पर पुलिस और किसानों के बीच भिड़ंत हो गई है।

MP किसान आंदोलन: भोपाल की ओर बढ़े हजारों किसान, बॉर्डर पर पुलिस तैनात, 100% मूंग खरीदी की मांग पर अड़े
पब्लिक वाणी

UPDATED 06:28PM  किसान आंदोलन के चलते होशंगाबाद रोड पूरी तरह बंद कर दिया गया है, वहीं निरामय हॉस्पिटल के पास पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए हैं।

UPDATED 06:16PM  मिसरोद बॉर्डर पर किसान आंदोलन उग्र हो गया है। किसानों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और भोपाल शहर में घुस गए। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हुई। कुछ जगहों पर पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

UPDATED 06:00PM किसानों का प्लान CM आवास का घेराव करने का है, लेकिन पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर ही रोक रखा है। बता दें कि यह आंदोलन 100% मूंग खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया जा रहा है।

नर्मदापुरम से शुरू हुआ यह आंदोलन अब भोपाल-रायसेन के बॉर्डर पर पहुँच गया है। आंदोलन किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में हो रहा है। करीब डेढ़ हजार से भी ज्यादा किसान पैदल मार्च करते हुए भोपाल पहुँचे, जहाँ पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की गई।

इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बनी। किसानों के नगर में प्रवेश से यातायात प्रभावित हुआ है और जाम की स्थिति बन गई है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर व्यवस्था संभाली। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की है। वहीं, कांग्रेस ने किसान आंदोलन को समर्थन दिया है। आंदोलनकारी किसानों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाले नहीं हैं।