संदीप रेड्डी वांगा की 'स्पिरिट' का फर्स्ट लुक रिवील: इंटेंस लुक में नजर आए प्रभास और तृप्ति डिमरी
नए साल पर फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा का फैंस को तोहफा। प्रभास-तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म 'स्पिरिट' का फर्स्ट लुक आया सामने।
नए साल के मौके पर फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा ने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘स्पिरिट’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें प्रभास और तृप्ति डिमरी पहली बार साथ नजर आ रहे हैं। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
इंटेंस और रफ लुक में नजर आए प्रभास
पोस्टर में प्रभास बेहद इंटेंस और रफ लुक में दिखाई दे रहे हैं। लंबे बाल, घनी दाढ़ी-मूंछ और शर्टलेस अवतार में प्रभास का अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। उनके शरीर पर चोट के निशान हैं और कंधे, हाथ व पीठ पर पट्टियां बंधी हुई हैं, जिससे साफ है कि उनका किरदार काफी दर्द और संघर्ष से गुजर चुका है। होंठों में सिगरेट और हाथ में शराब का गिलास उनके किरदार की गंभीरता को और गहरा बना देता है।
वहीं, तृप्ति डिमरी हल्के ग्रे रंग की साड़ी में प्रभास के पास खड़ी नजर आ रही हैं। पोस्टर में वह प्रभास की सिगरेट जलाती दिखती हैं। तृप्ति का चेहरा शांत लेकिन रहस्यमय है, जो उनके किरदार को लेकर उत्सुकता बढ़ा देता है। यह लुक तृप्ति के अब तक के किरदारों से बिल्कुल अलग माना जा रहा है।
तृप्ति ने किया दीपिका पादुकोण को रिप्लेस
बताया जा रहा है कि ‘स्पिरिट’ पहले दीपिका पादुकोण के साथ बनने वाली थी। लेकिन सितंबर 2024 में मां बनने के बाद दीपिका ने काम के घंटे और वर्क शेड्यूल को लेकर कुछ शर्तें रखीं। इन मांगों से संदीप रेड्डी वांगा सहमत नहीं हुए और बाद में उन्होंने तृप्ति डिमरी को फिल्म में कास्ट कर लिया।
‘स्पिरिट’ को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ है। प्रभास के फैंस इस फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड हैं, वहीं तृप्ति के करियर के लिए यह एक बड़ा और अहम प्रोजेक्ट माना जा रहा है। अब फैंस बेसब्री से फिल्म से जुड़े अगले अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।
Varsha Shrivastava 
