MPNEWS:अफवाहों से मचा हड़कंप: MP के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें

मध्य प्रदेश के आगर मालवा, देवास और इंदौर में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों से पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लंबी कतारों और अव्यवस्था के बीच प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

MPNEWS:अफवाहों से मचा हड़कंप: MP के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें

MP NEWS: मध्य प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने अचानक हालात बिगाड़ दिए। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों के चलते लोगों में घबराहट फैल गई और शहरों से लेकर हाईवे तक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आगर मालवा, देवास और इंदौर में एक जैसी तस्वीरें सामने आईं, जहां लंबी कतारें और अव्यवस्था देखने को मिली।

आगर मालवा:अफवाह से बिगड़े हालात, पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा

आगर मालवा में देर रात पेट्रोल-डीजल खत्म होने की खबर फैलते ही लोग गाड़ियों और केन के साथ पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। भीड़ बढ़ने से हालात बिगड़ गए, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालनी पड़ी और लोगों को समझाइश दी गई। आगर मालवा के कानड़ में मंगलवार रात एक पेट्रोल पंप पर पहले पेट्रोल भरवाने को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। इस घटना का वीडियो बुधवार सुबह सामने आया।कुल मिलाकर, आगर जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति फिलहाल सुचारू बनी हुई है। हालांकि, अफवाहों के कारण कुछ पंपों पर अस्थायी कमी और लंबी कतारों की स्थिति देखने को मिली।

देवास: भीड़ बढ़ने पर पेट्रोल-डीजल पंपों के गिरे शटर

देवास में अफवाहों का असर ज्यादा देखने को मिला। कई पेट्रोल पंपों पर अचानक इतनी भीड़ बढ़ गई कि संचालकों को शटर बंद करने पड़े। शहर और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि पंप संचालकों ने साफ किया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है।मौके पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

इंदौर: एहतियात में लोगों ने फुल कराई टंकी

इंदौर में भी कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। लोग एहतियात के तौर पर पहले ही टंकी फुल कराने पहुंचने लगे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। प्रशासन को सामने आकर लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील करनी पड़ी।

प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें, संयम रखें

पूरी स्थिति अफवाहों के कारण पैदा हुई। प्रशासन ने साफ किया है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। लोगों से संयम बरतने और भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील की गई है, ताकि व्यवस्था सामान्य बनी रहे।