भोपाल में नकली नोटों का खुलासा, पश्चिम बंगाल से हो रही थी सप्लाई, आरोपी गिरफ्तार
भोपाल में पुलिस ने एक लाख 40 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ पश्चिम बंगाल के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से शहर में रहकर जाली नोट खपा रहा था।
भोपाल में एक लाख 40 हजार रुपये के नकली नोट मिले हैं। आरोपी पश्चिम बंगाल का है, जो पिछले कई महीनों से भोपाल में रहकर नकली 500 के नोटों को खपा रहा था। आरोपी जर्मनी और यूक्रेन से पढ़ाई करके लौटा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भोपाल पुलिस ने नकली नोटों को भंजाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पश्चिम बंगाल के बीरभूम का रहने वाला है। 25 वर्षीय सैफुल इस्लाम पिता अनवर उल इस्लाम सितंबर 2024 से अपनी पत्नी के साथ शाहपुरा थाना क्षेत्र स्थित अरेरा कॉलोनी में रह रहा है। आरोपी ने पहले जर्मनी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू की, लेकिन किसी कारणवश उसने बीच में पढ़ाई छोड़ यूक्रेन से एमबीबीएस की डिग्री पूरी की।

इसी दौरान उसकी मुलाकात भोपाल की एक युवती से हुई, जिससे आगे चलकर सितंबर 2024 में उसने शादी कर ली और भोपाल में ही रहने लगा। अभी वह भारत में मेडिकल प्रैक्टिस के लिए एफएमजीई (फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन) की तैयारी कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बंगाल के मालदा में रहने वाले एक युवक से उसकी दोस्ती थी, जिसने उसे फ्री में करीब दो लाख रुपये के जाली नोट दिए थे। आरोपी 28 मार्च को बंगाल से भोपाल आया और नकली नोट बाजार में भंजाना शुरू कर दिया। आरोपी के पास से एक लाख 40 हजार रुपये मिले हैं, यानी 60 हजार रुपये के नकली नोट उसने बाजार में भुना दिए थे।

आरोपी ने बताया कि उसके दोस्त ने ये नोट ट्रायल के लिए दिए थे। अगर यह पकड़े नहीं जाते तो वह बड़ी मात्रा में नकली नोट खपाने की तैयारी में थे। आरोपी ने कुछ लोगों को 200-300 रुपये में नकली नोट भी बेचे हैं। साथ ही वह इन नोटों का इस्तेमाल मॉल में खरीदारी के लिए भी करता था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस चेन को पकड़ने की योजना बना रही है। इस केस के तार पश्चिम बंगाल से जुड़े हैं, जिसके लिए पुलिस आरोपित को बंगाल ले जा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपित भी गिरफ्तार किए जा सकें।


