इंदौर में बैंककर्मी की हत्या का खुलासा, शादी से इनकार पर प्रेमी ने गला घोंटकर मार डाला
गर्लफ्रेंड की पहले गला घोंटकर की हत्या, फिर पेट्रोल डालकर जलाया शव, पांच साल से दोनों रिलेशन में थे, मर्डर के लिए दतिया से इंदौर आया प्रेमी, इंदौर पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी को दबोचा
Indore। पुलिस ने खजराना क्षेत्र में मिली युवती की संदिग्ध मौत के मामले का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी, जिसे जलकर मौत का रूप देने की कोशिश की गई थी। 26 जुलाई को तपेश्वरी बाग में एक युवती का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने मर्ग कायम कर एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच में सामने आया कि युवती की मौत जलने से नहीं, बल्कि गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। आरोपी मृतका का पांच साल पुराना मित्र मयंक शाक्य निकला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था। युवती द्वारा शादी से इनकार करने पर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने व पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को जलाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी मयंक शाक्य, निवासी डबरा जिला ग्वालियर, को गिरफ्तार कर हत्या और साक्ष्य नष्ट करने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था जिसमें कि आरोपी पेट्रोल का डब्बा लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा था, फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
