संगम घाट पर स्वच्छता अभियान, मंत्री प्रहलाद पटेल ने दिया जल संरक्षण का संदेश
सीहोर के बुधनी क्षेत्र में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत संगम घाट पर मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने स्वच्छता सेवा की। उन्होंने लोगों को नदियों की स्वच्छता और जल संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया।
आज सीहोर के बुधनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जोशीपुर के गुंजारी नर्मदा संगम घाट पर “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत माननीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने स्वच्छता सेवा कार्य किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल ने माँ नर्मदा एवं गुंजारी नदी के संगम स्थल पर स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए आमजन को स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नदियाँ हमारी आस्था और जीवन का आधार हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व विधानसभा में अपने वक्तव्य के दौरान मंत्री श्री पटेल ने कहा था कि केवल नर्मदा नदी ही नहीं, बल्कि जिन नदियों का संगम नर्मदा से होता है, वे सभी स्थल अत्यंत पवित्र होते हैं। अतः इन संगम स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज मंत्री पटेल ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत स्वयं स्वच्छता सेवा कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने आमजन से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।


