कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, हादसे में 5 लोगों की मौत

तारातला गोदाम हादसा: मलबे में 50-55 लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी सेना और आपदा राहत टीमें

कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, हादसे में 5 लोगों की मौत

कोलकाता के दक्षिणी हिस्से में स्थित तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास 24 जून बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर और कर्मचारी मलबे में दब गए। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ, जब गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था।

5 लोगों की मौत, 50 से 55 लोग मलबे में दबे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से 55 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव दल ने अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। इनमें से 9 घायलों को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि बचाव अभियान अभी जारी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी सेना और आपदा राहत टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना को भी बचाव कार्य में लगाया गया है। मलबा हटाने के लिए भारी क्रेन और अन्य मशीनों की मदद ली जा रही है। वहीं, गैस कटर की सहायता से लोहे की छड़ों को काटकर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मलबे में दबे मजदूरों की चीखें सुनाई दे रही हैं, जिसके चलते राहतकर्मी तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन ने आसपास के इलाके को घेर लिया है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बचाव कार्य पूरा होने के बाद ढांचे के गिरने के कारणों का पता लगाया जाएगा।