मैहर में भीषण सड़क हादसा: खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर, 15 लोग घायल
मैहर के NH-30 पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे 15 लोग घायल हुए। सभी लोग बरहों कार्यक्रम से लौट रहे थे। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, दो की हालत गंभीर है, पुलिस जांच में जुटी।
मैहर: 11 अप्रैल 2026: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में शनिवार सुबह NH-30 पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। अमरपाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिगरा ब्रिज के पास हाईवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 15 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे का कारण:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग बरहों कार्यक्रम (संस्कार) में शामिल होने के बाद बेलदरा गांव की ओर लौट रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो जाने के कारण वाहन को हाईवे किनारे खड़ा कर दिया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रॉली को पीछे से टकरा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में बैठे लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े और चीख-पुकार मच गई।
घायलों के नाम:
- संखिबाई साकेत (50 वर्ष)
- अजय बुंकर (17 वर्ष)
- प्रदीप साकेत (24 वर्ष)
- संतोष साकेत (50 वर्ष)
बेलदरा गांव के हैं निवासी:
सभी घायल बेलदरा गांव के निवासी हैं। हादसे के बाद मौके पर हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
राहत एवं बचाव कार्य, सूचना मिलते ही डायल 112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंच गईं। घायलों को 108 और 1033 हाईवे एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मैहर और अमरपाटन पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज मैहर और अमरपाटन अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस की कार्रवाई:
नादन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि ट्रेलर को क्रेन की मदद से जब्त कर थाने लाया जा रहा है। ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

