मऊगंज में RTO लिखी स्कॉर्पियो का कहर: बाइक को 200 मीटर तक घसीटा; 3 युवक गंभीर, रीवा रेफर
रीवा-बनारस नेशनल हाईवे पर हुए हादसे के बाद घायलों को छोड़कर भागा स्कॉर्पियो चालक, गाड़ी पर लिखा था RTO रीवा, बाइक सवार तीन युवकों की हालत गंभीर
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज। जिले से गुजरने वाली रीवा-बनारस नेशनल हाईवे पर लौर थाना क्षेत्र के पलिया मोड़ के पास मंगलवार की रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। रीवा-हनुमना हाईवे पर RTO रीवा लिखी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक स्कॉर्पियो के बोनट में फंस गई और चालक करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक सड़क पार कर अपने घर की ओर मुड़ रहे थे, तभी हनुमना की तरफ जा रही स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक फंसने के बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। काफी दूर तक घसीटने के बाद जब बाइक नहीं निकली तब वाहन रोका गया, लेकिन घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय चालक भाग निकला।
3 युवक गंभीर रूप से घायल, रीवा रेफर
हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान दिलीप केवट पिता राम प्रसाद केवट उम्र 29 वर्ष निवासी पटपरा, मझिला केवट पिता बेनी केवट उम्र 27 वर्ष निवासी पटपरा और ललवा कोल उम्र 28 वर्ष निवासी सगरा मोड़ पटपरा थाना लौर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पर लौर थाना डायल 112 पुलिस टीम द्वारा तीनों घायलों को सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायलों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद रात में ही संजय गांधी अस्पताल रीवा के लिए रेफर कर दिया गया।
बड़ा सवाल यह है कि आरटीओ रीवा लिखी इस स्कॉर्पियो को कौन चला रहा था और हादसे के बाद चालक क्यों फरार हुआ? फिलहाल लौर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Varsha Shrivastava 
