मऊगंज में सड़क सुरक्षा पर बड़ा एक्शन, चौराहों पर बसों के रुकने पर रोक, ब्लैक स्पॉट होंगे खत्म

मऊगंज में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन का बड़ा फैसला. चौराहों पर बसों और भारी वाहनों के रुकने पर रोक, ब्लैक स्पॉट सुधार, हेलमेट जांच अभियान और स्कूल वाहनों के लिए नई गाइडलाइन लागू होगी.

मऊगंज में सड़क सुरक्षा पर बड़ा एक्शन, चौराहों पर बसों के रुकने पर रोक, ब्लैक स्पॉट होंगे खत्म

राजेंद्र पयासी, मऊगंज

मऊगंज। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है. कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क हादसों को कम करने और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि जिले के चौराहों, रोटरी और लेफ्ट टर्न पर बसों एवं भारी वाहनों के रुकने से जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है. इस पर कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि अब किसी भी रोटरी या लेफ्ट टर्न पर बस और भारी वाहन नहीं रुकेंगे. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि तेज रफ्तार, नशे की हालत में वाहन चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना तथा यातायात संकेतों की अनदेखी सड़क हादसों की प्रमुख वजह हैं. इन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, ओवरलोडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी.

सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी और एनएचएआई के अधिकारियों को जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट का सर्वे कर तत्काल सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए. दुर्घटना संभावित स्थानों पर सड़क संकेतक, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट, रोड मार्किंग, गड्ढों की मरम्मत और रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे ताकि हादसों की संभावना कम हो सके.

शहरी क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय किए जाएं, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो.

बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी स्कूलों की लोकेशन के अनुसार बच्चों को सुरक्षित लाने और छोड़ने के लिए स्कूल वाहनों की अलग से गाइडलाइन तैयार की जाए. स्कूलों के सामने पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही नो-एंट्री क्षेत्रों में निगरानी के लिए कैमरे लगाने और जिले के सभी ब्लैक स्पॉट को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए.

बरसात के मौसम में सड़कों पर गौ-वंश के आने से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी बैठक में चर्चा हुई. संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए. बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एएसपी शशिकांत सरयाम, डिप्टी कलेक्टर रश्मि चतुर्वेदी सहित लोक निर्माण, परिवहन, शिक्षा और नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित रहे.