मऊगंज में तेज रफ्तार ऑटो ने अधेड़ को मारी टक्कर, मौत के बाद ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

मऊगंज के शाहपुर में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से 50 वर्षीय गौरी शंकर साकेत की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम किया, पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मऊगंज में तेज रफ्तार ऑटो ने अधेड़ को मारी टक्कर, मौत के बाद ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
google

राजेंद्र पयासी, मऊगंज

मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर करीब 3 घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।

जानकारी के अनुसार, मऊगंज जिले के शाहपुर निवासी गौरी शंकर साकेत पिता सोभनाथ साकेत शनिवार रात करीब 9 बजे घर के पास शाहपुर-हनुमना मुख्य मार्ग पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ऑटो चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गौरी शंकर उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव मार्ग पर रखकर चक्का जाम कर दिया।

सूचना पर शाहपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामदीन सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। आश्वासन के बाद ग्रामीण माने और जाम समाप्त किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ विधि संगत प्रकरण दर्ज कर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।