Spurious Liquor : बंडा शराब कांड के बाद बकस्वाहा में भी शराब को लेकर हड़कंप, तीन मरीजों की तबीयत बिगड़ी
Spurious Liquor : बीएमओ डॉ. सत्यम आसाटी ने बताया कि एक मरीज में उसके द्वारा बताए गए अनुसार कुछ लक्षण दिखाई दे रहे थे। मरीज को दमोह रेफर किया गया।
Spurious Liquor : बकस्वाहा, छतरपुर। बंडा शराब कांड में हुई मौतों के बाद अब बकस्वाहा क्षेत्र में शराब पीने के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आने से लोगों में चिंता और आशंका का माहौल है। खास बात यह है कि दोनों मरीजों ने बकस्वाहा क्षेत्र की शराब दुकानों से शराब खरीदने की बात बताई है। एक मरीज को उपचार के लिए सागर में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे मरीज भरत यादव को प्राथमिक उपचार के बाद एहतियात के तौर पर दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बकस्वाहा स्थित दुकान से शराब पीने के बाद एक और व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी है, व्यक्ति का नाम मनोज चौरसिया बताया गया है, मनोज ने शाम को शराब दुकान से शराब खरीदी और पीकर घर पहुंचा तो उसे उल्टी, चक्कर के साथ घबराहट हुई प्राथमिक उपचार के बाद उसे BMC सागर रेफर कर दिया गया।

दो अलग-अलग स्थानों की शराब दुकानों से शराब खरीदने और उसके सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने की बात सामने आने के बाद संबंधित शराब की गुणवत्ता को लेकर सवाल जरूर खड़े हुए हैं।
हालांकि, अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक प्रमाण सामने नहीं आया है जिससे यह कहा जा सके कि दोनों मरीजों की तबीयत शराब के कारण ही बिगड़ी है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों मामलों में अन्य चिकित्सकीय कारणों की संभावना को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
बम्हौरी की दुकान से खरीदी ‘8 PM’, सागर में भर्ती
पहला मामला ग्राम बरा, तहसील बंडा निवासी व्यक्ति से जुड़ा है। मरीज के अनुसार उसने विकासखंड बक्सवाहा के बम्हौरी स्थित शराब दुकान से ‘8 PM’ ब्रांड की शराब खरीदी थी। शराब के सेवन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सागर में भर्ती कराया गया।

हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से सामने आया एक महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि संबंधित व्यक्ति ने बम्हौरी से शराब खरीदने से पहले बंडा में भी शराब पी थी। ऐसे में तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण बम्हौरी से खरीदी गई शराब थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बकस्वाहा की दुकान से ‘McDowell’s’, भरत यादव दमोह रेफर
दूसरा मामला विकासखंड बक्सवाहा के ग्राम कुई निवासी भरत यादव का है। भरत यादव ने बताया कि उसने बक्सवाहा स्थित शराब दुकान से ‘McDowell’s’ ब्रांड की शराब खरीदी थी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया।

बीएमओ बोले- एहतियात के तौर पर किया रेफर
बकस्वाहा बीएमओ डॉ. सत्यम आसाटी ने बताया कि एक मरीज में उसके द्वारा बताए गए अनुसार कुछ लक्षण दिखाई दे रहे थे। मरीज को प्राथमिक उपचार दिया गया और किसी प्रकार का जोखिम न लेते हुए एहतियात के तौर पर उसे दमोह रेफर किया गया। मरीज की तबीयत खराब होने का कारण शराब ही है, इसकी पुष्टि केवल चिकित्सकीय जांच और रिपोर्ट के आधार पर ही की जा सकती है।

नगर निरीक्षक बोले- दोनों मामले संज्ञान में
बकस्वाहा नगर निरीक्षक प्रशांत सेन ने बताया कि दोनों मामले पुलिस के संज्ञान में हैं। तो वहीं अवैध शराब की सूचना मिलते ही कार्रवाई करने दावा भी किया हैं।


