गोटेगांव में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया वृक्षारोपण, भतीजे मणिनागेंद्र सिंह पटेल को दी श्रद्धांजलि
गोटेगांव में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने भतीजे स्व. मणिनागेंद्र सिंह पटेल की पुण्यतिथि पर वृक्षारोपण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए.
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल अपने गृह ग्राम गोटेगांव के प्रवास पर रहे, जहां उन्होंने अपने भतीजे स्वर्गीय मणिनागेंद्र सिंह पटेल (मोनू भैया) की पुण्यतिथि के अवसर पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मंत्री पटेल ने गोटेगांव स्थित निर्माणाधीन मणिनागेंद्र सिंह सैनिक स्कूल परिसर में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में आमजन के साथ सहभागिता की। उन्होंने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्व. मणिनागेंद्र सिंह पटेल के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि स्व. मणिनागेंद्र सिंह पटेल का जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक रहा है।
मंत्री पटेल ने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं और ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, विधायक महेंद्र नागेश, पूर्व विधायक हाकम सिंह, जिला अध्यक्ष रामस्नेही पाठक, पूर्व जिला अध्यक्ष महंत प्रीतमपूरी, नगरपालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर वृक्षारोपण किया और स्व. मणिनागेंद्र सिंह पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
shivendra 
