सतना गोलीकांड का खुलासा: गाड़ी क्रॉसिंग विवाद में चली गोली, 10 आरोपी गिरफ्तार
सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गाड़ी क्रॉसिंग को लेकर हुए विवाद में गोली चलने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में हत्या के प्रयास सहित तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
मध्य प्रदेश के सतना जिले में गाड़ी क्रॉसिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीकांड में बदल गया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के क्रिस्टकुला चौराहे पर सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में एक युवक के पैर में गोली लग गई. घायल युवक राहुल उर्फ अनुराग द्विवेदी (24) को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है. इस मामले में हत्या के प्रयास, अड़ीबाजी और आर्म्स एक्ट के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं. पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है.
कैसे हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11 बजे क्रिस्टकुला चौराहे पर दो गाड़ियों के आमने-सामने आने से विवाद शुरू हुआ. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ होने लगी. इसी दौरान आरोपी मोनू शुक्ला ने अपने पास मौजूद कट्टे से फायर कर दिया. बताया जा रहा है कि वह गौरव सिंह पर गोली चलाना चाहता था, लेकिन दूसरा फायर लोड करते समय मिसफायर हो गया और गोली कार के अंदर ही चल गई. इस घटना में कार में बैठे राहुल उर्फ अनुराग द्विवेदी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया.
पुलिस का बयान
सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार के अनुसार,पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कार्रवाई की गई और सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया.
उन्होंने बताया कि:
एक प्रकरण मोनू शुक्ला और उसके साथियों पर हत्या के प्रयास (धारा 307) में दर्ज किया गया है. दूसरे पक्ष के आरोपियों पर अड़ीबाजी का मामला दर्ज किया गया है. वहीं घायल युवक की रिपोर्ट पर आर्म्स एक्ट (25/27) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
shivendra 
