सतना में तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का शुभारंभ
सतना में जिला स्तरीय तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का शुभारंभ किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को रियायती दरों पर शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। मेले में विशेष रूप से एचपीवी टीकाकरण वाली बालिकाओं को अतिरिक्त छूट दी जा रही है और बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र लाभ ले रहे हैं।
सतना। शिक्षा को अधिक सुलभ और किफायती बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देशन में सोमवार से जिला स्तरीय तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का शुभारंभ किया गया। यह मेला शासकीय व्यंकट क्रमांक-2 परिसर में आयोजित किया जा रहा है, जो 15 अप्रैल तक चलेगा। मेले का औपचारिक उद्घाटन सोहावल की विकासखंड शिक्षा अधिकारी आयुषी अग्रवाल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का आयोजन अभिभावकों और विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि उन्हें एक ही स्थान पर कॉपियां, किताबें, स्कूल यूनिफॉर्म, बैग एवं अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री उचित दामों पर उपलब्ध हो सके। मेले में जिले के कई प्रतिष्ठित दुकानदारों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे प्रतिस्पर्धी दरों पर सामग्री उपलब्ध हो रही है।
मेले की खास बात यह है कि यहां बाजार की तुलना में अधिक छूट दी जा रही है। जहां सामान्य बाजार में किताबों पर लगभग 10 प्रतिशत तक छूट मिलती है, वहीं मेले में 15 से 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। इसके अलावा कॉपियों पर आकर्षक डिस्काउंट उपलब्ध है, जिससे अभिभावकों को काफी राहत मिल रही है।

विशेष पहल के तहत एचपीवी टीकाकरण कराने वाली बालिकाओं के लिए अतिरिक्त ऑफर भी रखा गया है, जिससे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में बड़ी संख्या में अभिभावक और विद्यार्थी पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से मेले का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि शिक्षा संबंधी आवश्यक सामग्री किफायती दरों पर प्राप्त की जा सके।

