टेस्ट क्रिकेट में वापसी नहीं करेंगे विराट कोहली, बोले- "मैं उस दौर से आगे बढ़ चुका हूं"

विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी की अटकलों को खारिज कर दिया है. One8 इवेंट में उन्होंने कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट से आगे बढ़ चुके हैं और अब वापसी का कोई इरादा नहीं है.

टेस्ट क्रिकेट में वापसी नहीं करेंगे विराट कोहली, बोले- "मैं उस दौर से आगे बढ़ चुका हूं"

नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि उनका टेस्ट क्रिकेट में वापसी का कोई इरादा नहीं है. पिछले साल टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके कोहली ने कहा कि वह अपने फैसले पर कायम हैं और अब इस फॉर्मेट में लौटने के बारे में नहीं सोच रहे.

जूतों के लॉन्च इवेंट में दिया जवाब

21 जून को विराट कोहली अपनी कंपनी One8 के एक इवेंट में पहुंचे, जहां उन्होंने नए जूतों की एक खास सीरीज लॉन्च की. इन जूतों की कीमत 9230 रुपये रखी गई है. यह संख्या कोई संयोग नहीं है, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में विराट के कुल 9230 रन को दर्शाती है. इवेंट के दौरान उनसे मजाकिया अंदाज में पूछा गया कि क्या लाल रंग के इन जूतों की बिक्री बढ़ाने के लिए वह टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे? इस पर कोहली ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "मैं कम कीमत पर जूते बेचना पसंद करूंगा, लेकिन मैं टेस्ट क्रिकेट से आगे बढ़ चुका हूं. उनके इस जवाब ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी की सभी अटकलों पर विराम लगा दिया.

टेस्ट टीम में वापसी की उठ रही थी मांग

विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद भारत के टेस्ट प्रदर्शन को लेकर कई बार उनकी वापसी की मांग उठी. भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी टीम इंडिया को 1-4 से हार मिली. इन दोनों सीरीज में विराट का प्रदर्शन भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था.

इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने भारत को उसकी ही धरती पर 2-0 से टेस्ट सीरीज में हराया. इस हार के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों और फैंस ने विराट कोहली से टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने की अपील की थी.

अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं विराट

विराट कोहली पहले ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. फिलहाल वह सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. हालांकि फैंस आज भी उन्हें सफेद जर्सी में देखने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन विराट के ताजा बयान से साफ है कि टेस्ट क्रिकेट में उनकी वापसी अब लगभग नामुमकिन है.