Bhopal में कमर्शियल सिलेंडर की कालाबाजारी,घरेलू गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, ड्यूटी के बीच लाइन में खड़े पुलिसकर्मी

सरकार ने कमर्शियल सिलेंडर पर रोक लगाई है. लेकिन कुछ एजेंसियां 2700 रुपए में कमर्शियल सिलेंडर दे रही हैं। दुसरी तरफ 23वीं बटालियन पुलिसकर्मी भी घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े नजर आए।

Bhopal में कमर्शियल सिलेंडर की कालाबाजारी,घरेलू गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, ड्यूटी के बीच लाइन में खड़े पुलिसकर्मी

भोपाल:राजधानी में एलपीजी गैस को लेकर अफवाहों का असर दिखाई देने लगा है। ईरान-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर सप्लाई प्रभावित होने की चर्चा के बीच गुरुवार को शहर की कई गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतारें लग गई। हालात ऐसे रहे कि गैस सिलेंडर लेने के लिए पुलिसकर्मी भी लाइन में खड़े नजर आए।


23वीं बटालियन क्षेत्र में स्थित भारत गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। पुलिसकर्मी घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण एजेंसी का सर्वर भी कई बार ठप पड़ता रहा, जिससे सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया धीमी हो गई।गैस एजेंसी पर लाइन में लगे पुलिसकर्मियों ने बताया कि ड्यूटी के साथ-साथ घर की जरूरत के लिए सिलेंडर की व्यवस्था भी करनी पड़ रही है। 

पहले से बुकिंग वालों को भी 2700 में दे रहे कमर्शियल सिलेंडर 

सरकार ने अस्पताल, नर्सिंग होम, शिक्षण संस्थान छोड़कर पूरी तरह कमर्शियल सिलेंडर  पर रोक लगा दी है. लेकिन जिन लोगों ने कमर्शियल सिलेंडर की पहले से बुकिंग की है उनको भी मिलना मुश्किल हो रहा है। एक छोटे होटल संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर वह मैसेज दिखाया जो गैस एजेंसी संचालक ने उसे भेजा था। इसमें लिखा था कि आज का रेट 2700 रुपए है। जबकि सरकार ने पूरी तरह से कमर्शियल सिलेंडर बैन किया है।और सरकार की तरफ से कोई नया रेट जारी नहीं हुआ है।आपको बता दे की दुकानदार रेट बढ़ने पर भी चुपचाप सिलेंडर खरीद रहे हैं।

जरूरत से पहले सिलेंडर लेने पहुंच रहे लोग

गैस एजेंसी पर लाइन में लगे कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके घर में अभी गैस मौजूद है, लेकिन आगे किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए वे पहले ही सिलेंडर लेने पहुंच गए हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि उनके घर का सिलेंडर खत्म हो चुका है, इसलिए वे सुबह से लाइन में लगे हुए हैं।प्रशासन का कहना है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।