सतना में बेल शरबत पीने के बाद बच्चे की मौत परिवार के 3 लोग भी भर्ती
सतना में बेल शरबत पीने के बाद बच्चे की मौत परिवार के 3 लोग भी भर्ती, दादा बोले- शरबत पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
सतना: उचेहरा ब्लॉक के आदिवासी बहुल परसमनिया क्षेत्र में डायरिया से एक सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई है। बच्चे के दादा बाबूलाल दहिया ने बताया कि बेल का शरबत पीने के बाद परिवार के चार सदस्यों की तबीयत बिगड़ी थी, जिनमें से तीन अन्य को सतना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। वहीं ग्रामीणों ने दूषित पानी को बीमारी का संभावित कारण बताया है।
20 मई को मासूम किशुन दहिया की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। गुरुवार को परिवार के अन्य सदस्य शिवम दहिया (12 वर्ष), बाबूलाल दहिया (65 वर्ष) और शांति बाई (55 वर्ष) की भी हालत खराब हो गई। सभी प्रभावितों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया था। बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है परिवार लंबे समय से कुएं का पानी पी रहा था, जिससे दूषित पानी से डायरिया फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित क्षेत्र में जांच दल भेजने की मांग की है ताकि बीमारी की असली वजह सामने आ सके और अन्य ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला और इंटीग्रेटेड सर्विलांस प्रोग्राम (आईडीएसपी) अभी तक अंजान है।

