CEC के खिलाफ MP कांग्रेस का प्रदर्शन: पटवारी बोले- ‘ज्ञानेश कुमार देशद्रोही’
MP Congress Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। जीतू पटवारी ने इस्तीफे की मांग की, उमंग सिंघार ने सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया।
भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। भोपाल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहे से अंबेडकर प्रतिमा तक मार्च निकाला। वहीं इंदौर, इटारसी, सागर समेत कई शहरों में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन, नारेबाजी और पुतला दहन किया।
पटवारी बोले- ‘ज्ञानेश कुमार देशद्रोही हैं’
भोपाल में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “ज्ञानेश कुमार देशद्रोही हैं। जब तक उनका इस्तीफा नहीं होता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।”
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश से एक लाख कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी प्रदर्शन के दौरान सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के अधिकार छीने जा रहे हैं।

सिंघार बोले- ‘13 करोड़ लोगों की वोट चोरी हुई’
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा, “13 करोड़ लोगों की वोट चोरी हुई। किसने चुरा लिए वोट?”
सिंघार ने कहा कि यह लड़ाई राहुल गांधी या प्रियंका गांधी की नहीं, बल्कि देश की जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने बीजेपी सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह अब नहीं चलेगा।

भोपाल में सड़क पर बैठे कांग्रेस नेता
प्रदर्शन के दौरान जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह, आरिफ मसूद और पीसी शर्मा समेत कई कांग्रेस नेता बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सड़क पर बैठ गए। कुछ कार्यकर्ता सड़क पर लेटकर भी नारेबाजी करते नजर आए। इससे इलाके में जाम की स्थिति बन गई।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ता ‘ज्ञानू, तेरी मैं क्यों मानूं’ और ‘केचुआ मोदी के कब्जे में’ जैसे नारे लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे।
PM के पोस्टर पर ब्लैक स्प्रे की कोशिश
भोपाल में प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर ब्लैक स्प्रे करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस हुई।
वहीं सागर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर और हाथों में रस्सी बांधकर पुतला फूंका। कांग्रेस ने प्रदर्शन को ‘इतिहास का काला दिवस’ बताया।

इंदौर समेत कई जिलों में प्रदर्शन
इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदेश के दूसरे जिलों में भी कांग्रेस ने मार्च, प्रदर्शन और पुतला दहन किया।
इटारसी में ट्रेन से 15 से ज्यादा कार्यकर्ता उतारे
दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे CJP के 15 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को इटारसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारे जाने का मामला भी सामने आया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर जबरन ट्रेन से उतारने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।
एक युवती ने आरोप लगाया कि “मध्य प्रदेश पुलिस ने कपड़े खींचे। उनके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी।” हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध SIR यानी Special Intensive Revision को लेकर भी है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर रिकॉर्ड में कम से कम 14 बार आपत्ति जताई थी।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ फैसले दोनों चुनाव आयुक्तों की जानकारी या सिफारिश के बिना जारी किए गए। इसी रिपोर्ट और SIR से जुड़े विवाद को लेकर विपक्ष चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

