Bhopal:लाडली बहना योजना पर बयान से घमासान,भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन
लाडली बहना योजना को लेकर मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के बयान ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। शनिवार को भोपाल स्थित पीसीसी कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मंत्री का पुतला जलाया और जमकर नारे लगाए।
भोपाल: लाडली बहना योजना को लेकर मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के बयान ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। शनिवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मंत्री का पुतला जलाया और जमकर नारे लगाए।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के पुतले को चूड़ियों की माला पहनाई और मुरादाबाद से जुड़े पोस्टर भी लगाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्री का बयान महिलाओं के स्वाभिमान और सम्मान के खिलाफ है।
आंदोलन और तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन में मौजूद कांग्रेस नेता मुजाहिद सिद्दीकी ने कहा कि यदि मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी आंदोलन को और उग्र करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो मंत्री के आवास का घेराव भी किया जाएगा। सिद्दीकी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भोपाल में हुए इस प्रदर्शन के बाद यह साफ हो गया है कि लाडली बहना योजना को लेकर राजनीतिक टकराव आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।
क्या है विवाद की जड़
सीहोर जिले में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मंत्री करण सिंह वर्मा ने मंच से कहा था कि जो लाडली बहनें कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी, उनके नाम योजना से हटाए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार हर महीने 1500 रुपये दे रही है और एक दिन सभी को बुलाया जाएगा, जो नहीं आएंगी उनके नाम काटे जाएंगे। इस बयान के बाद विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई।
कांग्रेस का तीखा प्रहार
कांग्रेस ने मंत्री के बयान को महिलाओं के लिए धमकी भरा और अपमानजनक बताया। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकारी योजनाओं के नाम पर महिलाओं पर दबाव बनाना गलत है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री लगातार महिलाओं को लेकर विवादित बयान दे रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
माफी के बावजूद जारी विरोध
विवाद बढ़ने पर मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपने बयान के लिए माफी मांगते हुए कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया और उनका इरादा ऐसा नहीं था। हालांकि, माफी के बाद भी कांग्रेस का विरोध खत्म होता नजर नहीं आ रहा है।
sanjay patidar 
