Bihar EOU Raid : एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के घर में मिले नोटों के ढेर, गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन

Bihar EOU Raid : EOU के अनुसार नारद कुमार दास ने अपनी ज्ञात आय से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी वैध आय से करीब 64.93 प्रतिशत ज्यादा बताई गई है।

Bihar EOU Raid : एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के घर में मिले नोटों के ढेर, गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन

Bihar EOU Raid : पटना। बिहार में आर्थिक अपराध इकाई ने एक बड़ा एक्शन लिया है। योजना एवं विकास विभाग, मुंगेर के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की गई। गुरुवार सुबह चार जिलों में एक साथ पांच ठिकानों पर कार्रवाई शुरू हुई।

मुजफ्फरपुर फ्लैट से बड़ी बरामदगी

मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F में EOU की टीम सुबह से तलाशी ले रही है। यहां से 50 लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं। कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, गहने और महत्वपूर्ण कागजात भी मिले हैं। नोटों की गिनती के लिए अधिकारियों को मशीन मंगानी पड़ी। स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद है। आसपास के लोगों में कार्रवाई को लेकर चर्चा हो रही है। EOU की तलाशी जारी है और बरामदगी बढ़ने की संभावना है।

आय से अधिक संपत्ति का आरोप और केस

EOU के अनुसार नारद कुमार दास ने अपनी ज्ञात आय से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी वैध आय से करीब 64.93 प्रतिशत ज्यादा बताई गई है। मामला आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 के रूप में दर्ज किया गया है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत कार्रवाई हो रही है। विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट लेने के बाद छापे मारे गए।

पांच ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

8 अक्टूबर को EOU की अलग-अलग टीमें डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में पांच ठिकानों पर पहुंचीं। सभी जगह दस्तावेज, बैंक खाते, निवेश, जमीन के कागजात, नकदी और अन्य संपत्तियों की जांच हो रही है। नारद कुमार दास पहले मुजफ्फरपुर में भी पदस्थापित रह चुके हैं। उसी दौरान उन्होंने यह फ्लैट खरीदा था। कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद नकदी, आभूषण और दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा सामने आएगा।

हालिया कार्रवाइयों का सिलसिला

इससे कुछ दिन पहले EOU ने परिवहन विभाग के एक अधिकारी के घर भी छापा मारा था। वहां 15 बैंक खातों में लाखों रुपये मिले थे। 11 प्लॉट, फ्लैट और निर्माणाधीन मकान के दस्तावेज भी बरामद हुए थे। बिहार में भ्रष्टाचार के मामलों में EOU की सक्रियता लगातार बढ़ रही है।