PM Modi Netherlands Visit: 'ये आपदाओं का दशक, हालात नहीं सुधरे तो दशकों तक पड़ेगा भारी..., नीदरलैंड्स में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीदरलैंड दौरे पर हैं. उन्होंने द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दुनिया के मौजूदा हालात पर चिंता जताई.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड्स के द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दुनिया के मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय कोरोना महामारी, युद्ध और ऊर्जा संकट जैसी बड़ी चुनौतियों से जूझ रही है और अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले दशकों पर इसका गंभीर असर पड़ेगा.
प्रधानमंत्री मोदी अपने पांच देशों के दौरे के तहत शनिवार को नीदरलैंड्स पहुंचे. द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत की उपलब्धियों, वैश्विक चुनौतियों और भारत-नीदरलैंड्स संबंधों पर विस्तार से बात की.

‘ये दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मानवता कई संकटों से घिरी हुई है. पहले कोरोना महामारी आई, फिर दुनिया युद्ध की स्थिति में पहुंच गई और अब ऊर्जा संकट सामने है. उन्होंने कहा कि अगर दुनिया ने समय रहते इन हालातों को नहीं संभाला तो बीते कई दशकों की मेहनत पर पानी फिर सकता है और दुनिया की बड़ी आबादी गरीबी के दलदल में फंस सकती है.

भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब
पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत बड़े सपने देख रहा है, और उन्हें पूरा भी कर रहा है. उन्होंने बताया कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और देश में 2 लाख से ज्यादा स्टार्टअप सक्रिय हैं. उन्होंने कहा कि भारत डिजिटल क्रांति में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. एक साल में 20 बिलियन से ज्यादा UPI ट्रांजैक्शन हुए हैं और दुनिया के लगभग आधे डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में हो रहे हैं.
Delighted to interact with the Indian community in The Hague. Their warmth, achievements and strong bond with India continue to make us proud. https://t.co/DVKQo1pKXw
— Narendra Modi (@narendramodi) May 16, 2026
सेमीकंडक्टर और AI सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब चिप मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर सेक्टर में तेजी से कदम बढ़ा रहा है. देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट्स पर काम चल रहा है, जिनमें से दो में उत्पादन भी शुरू हो चुका है. उन्होंने कहा कि भारत AI सेक्टर में भी नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है.
16 मई को बताया खास दिन
पीएम मोदी ने 16 मई को भारतीय लोकतंत्र के लिए खास दिन बताया. उन्होंने कहा कि इसी दिन साल 2014 में लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और 30 साल बाद देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी.

प्रवासी भारतीयों की जमकर तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड्स में बसे भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि डच नेतृत्व हमेशा भारतीय समुदाय की प्रशंसा करता है. उन्होंने कहा कि समय के साथ बहुत कुछ बदला, लेकिन भारतीय संस्कार और अपनापन आज भी दुनिया भर में लोगों के दिलों में बसा हुआ है.
‘नीदरलैंड्स भारत के लिए यूरोप का गेटवे’
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय बिजनेस के लिए नीदरलैंड्स यूरोप में प्रवेश का स्वाभाविक गेटवे बन सकता है. उन्होंने प्रवासी भारतीयों को दोनों देशों के बीच भरोसेमंद सेतु बताया.

चांद से लेकर डिजिटल इंडिया तक भारत की उपलब्धियां गिनाईं
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने चंद्रयान मिशन के जरिए चांद के उस हिस्से तक पहुंचकर इतिहास रचा, जहां दुनिया का कोई देश पहले नहीं पहुंच पाया था. उन्होंने भारत की डिजिटल, तकनीकी और आर्थिक प्रगति का भी उल्लेख किया.
shivendra 
