आरोन के दो हनुमान मंदिरों में चोरी: गश्त कर रही पुलिस के सामने वारदात, 2 संदिग्ध हिरासत में
आरोन में दो मंदिरों को चोरों ने बनाया निशाना, चांदी के आभूषण और नकदी चोरी; पुलिस के सामने चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, संदिग्ध पाए जाने पर 2 युवक पकड़े गए
आरोन से गौरव शर्मा की रिपोर्ट।
आरोन नगर में बीती रात चोरों ने दो हनुमान मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि जिस समय चोर श्री दास हनुमान मंदिर में वारदात के बाद बाहर निकल रहे थे, उसी दौरान मंदिर के आसपास पुलिस की गश्त चल रही थी। पुलिस और नगर रक्षा समिति के सदस्यों की नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। इसके बाद दोनों को पकड़कर पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।

मंदिर से चांदी के आभूषण-नकदी चोरी
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 से 12 बजे के बीच सबसे पहले सिरोंज रोड स्थित संकट मोचन मंदिर में चोरी की वारदात हुई। यहां से बालाजी सरकार की चांदी की जूती, चांदी के कड़े, चांदी का मस्तक श्रृंगार और दानपेटी की नकदी चोरी की गई। मंदिर परिसर में सो रहे चौकीदार का मोबाइल भी चोर ले गए। इसके अलावा मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोरी कर लिया गया।

श्री दास हनुमान मंदिर में भी चोरी
इसके बाद चोरों ने श्री दास हनुमान मंदिर को निशाना बनाया। यहां से चांदी का मुकुट, चांदी के कान, चांदी का गिलास और करीब 7 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

गश्त के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा
बताया जा रहा है कि श्री दास हनुमान मंदिर के बाहर एएसआई हरिओम रघुवंशी पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। उनके साथ नगर रक्षा समिति के सदस्य जनक सिंह जाटव और संजू कुशवाह भी मौजूद थे। इसी दौरान उनकी नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।

संदिग्ध स्कूटी की डिग्गी से चोरी का सामान
इधर, मंदिर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुजारी और भक्तों ने मंदिर के बाहर खड़ी एक संदिग्ध स्कूटी देखी। स्कूटी क्रमांक MP08ZA3078 की डिग्गी की तलाशी लेने पर दोनों मंदिरों से चोरी किया गया सामान बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने स्कूटी और बरामद सामान को जांच में शामिल कर लिया है।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी के सामान, स्कूटी और दोनों मंदिरों में हुई वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की पूरी स्थिति और संदिग्धों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
Varsha Shrivastava 
