मुरैना: बीजेपी नेता ने कार से 5 लोगों को कुचला, पुलिस हिरासत से आरोपी फरार

मुरैना के पोरसा कस्बे में शुक्रवार देर रात बीजेपी युवा मोर्चा के नगर मंडल अध्यक्ष दीपेंद्र भदौरिया की तेज रफ्तार कार ने पांच लोगों को रौंद दिया।

मुरैना: बीजेपी नेता ने कार से 5 लोगों को कुचला, पुलिस हिरासत से आरोपी फरार

मुरैना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पोरसा कस्बे में शुक्रवार देर रात बीजेपी युवा मोर्चा के नगर मंडल अध्यक्ष दीपेंद्र भदौरिया की तेज रफ्तार कार ने पांच लोगों को रौंद दिया। हादसे में घायल सभी लोग सड़क किनारे अलाव ताप रहे  थे। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी पीड़ित ठंड से बचने के लिए सड़क किनारे अलाव जला रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी की कार एक अन्य वाहन से भी जा टकराई। घायलों में तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। लोगों का आरोप है कि बीजेपी नेता शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस हिरासत से फरार, भड़का जनआक्रोश

इस मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब खबर आई कि आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इससे आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे पर करीब 20 मिनट तक जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी को जानबूझकर भगाया गया है।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों और पीड़ितों के परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस की भूमिका को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश जारी होने की बात कही जा रही है।