PCC चीफ जीतू पटवारी ने राज्यसभा रेस से खुद को किया अलग, बोले- कोई और साथी जाएगा

भोपाल में PCC चीफ जीतू पटवारी ने खुद को राज्यसभा की रेस से अलग कर लिया है। और कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार का फैसला पार्टी करेगी।

PCC चीफ जीतू पटवारी ने राज्यसभा रेस से खुद को किया अलग, बोले- कोई और साथी जाएगा

भोपाल:राजधानी भोपाल में PCC चीफ जीतू पटवारी ने राज्यसभा की दौड़ से खुद को अलग कर लिया है। भोपाल में मालवा क्षेत्र के कथावाचक मोहित नागर को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने के बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पद बेहद जिम्मेदारी भरा होता है और इसमें पूरा समय देना जरूरी है। इसलिए कोई अन्य नेता राज्यसभा जाएगा।

दिग्विजय सिंह के नाम पर दिया जवाब

राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर जब दिग्विजय सिंह के नाम पर सवाल पूछा गया तो पटवारी ने कहा कि “बिल्कुल हो सकते हैं, यह पार्टी का निर्णय होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया और बीजेपी को चिंतित होने की जरूरत नहीं है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

मध्यप्रदेश में जून में खाली होने वाली राज्यसभा सीट को लेकर कांग्रेस में मंथन जारी है। सुप्रीम कोर्ट ने विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा की विधानसभा सदस्यता बरकरार रखी लेकिन राज्यसभा चुनाव में मतदान का अधिकार नहीं दिया। ऐसे में राज्यसभा उम्मीदवारों को हरियाणा, ओडिशा, बिहार जैसे राज्यों में हुई क्रॉसवोटिंग के बाद एमपी में भी अंदरखाने टेंशन है।

सरकार पर साधा निशाना, कई मुद्दे उठाए

पटवारी ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान की सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और कर्ज बढ़ा है।उन्होंने “लाड़ली बहना योजना” को छल बताते हुए कहा कि 3000 रुपए का वादा कर 1500 रुपए दिए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को कमजोर और बिजली व्यवस्था को अव्यवस्थित बताया।

बिजली जाने पर सरकार पर कसा तंज

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजली जाने पर भी उन्होंने सरकार पर तंज कसा।जीतू पटवारी ने कहा- बीजेपी वाले 24 घंटे बिजली देने की बात करते हैं। जबकि बिजली कभी भी चली जाती है। बिजली के बडे़-बडे़ बिल दे रहे हैं। बहनों को 1500 रुपए देकर बिजली के बिल तीन हजार से ज्यादा वसूले जा रहे हैं।