बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर VHP का प्रदर्शन, हिंदू युवक की मौत पर विरोध

विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हुई हिंदू युवक की हत्या के विरोध में दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर VHP का प्रदर्शन, हिंदू युवक की मौत पर विरोध

नई दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हुई हिंदू युवक की हत्या के विरोध में दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। विश्व हिंदू परिषद के प्रदर्शन को देखते हुए बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर सुरक्षा पहले ही बढ़ा दी गई थी। यहां पुलिस तथा अर्द्धसैन्य बल की अतिरिक्त टुकड़ियों को तैनात किया गया है। बांग्लादेश उच्चायोग बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन कर रहे वीएचपी कार्यकर्ताओं में से कुछ को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस बांग्लादेश को भारत ने पाला, वहां आज हिंदुओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। ये बंद होना चाहिए।

इसी बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया है। यह एक हफ्ते में दूसरी बार है, जब भारतीय उच्चायुक्त को बुलाया गया है। बांग्लादेशी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भारत विरोधी प्रदर्शनों और फिर दीपू की मॉब लिंचिंग को लेकर दोनों देशों के रिश्ते काफी बिगड़ गए हैं। बांग्लादेश में 18 दिसंबर की रात हिंदू युवक दीपू चंद्र की हत्या कर दी गई थी। पहले यह दावा किया जा रहा था कि दीपू ने फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की थी, लेकिन शुरुआती जांच में इसका कोई सबूत नहीं मिला।

भोपाल में बांग्लादेश सरकार का फूंका पुतला

एमपी की राजधानी भोपाल में ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने इतवारा क्षेत्र में बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका और बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रही बर्बरता का विरोध जताया। इस दौरान बांग्लादेश सरकार के खिलाफ पुतला दहन कर रोष प्रकट किया गया। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा, यह पुतला दहन मात्र औपचारिक विरोध नहीं है, बल्कि हमारे दिलों में बांग्लादेश में हो रहे अत्याचारों के खिलाफ जल रही आग है। जिस प्रकार हमारे हिंदू भाइयों को वहां सरेआम मारा जा रहा है, वह बेहद गंभीर विषय है।

शमशुल हसन ने भारत सरकार से मांग की है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर अब ठोस और प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि हिंदू भाइयों के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाया जाना चाहिए। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने एक स्वर में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या लोग मौजूद रहे।